बंगाल से उत्तराखंड तक भारी बारिश का अलर्ट, यूपी की नदियां खतरे के निशान के पार; जानें ताजा हालात

बंगाल से उत्तराखंड तक भारी बारिश का अलर्ट, यूपी की नदियां खतरे के निशान के पार; जानें ताजा हालात

नई दिल्ली: बंगाल से लेकर बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और उत्तराखंड तक लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना, घाघरा और सरयू नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि हरिद्वार में गंगा केवल 85 सेंटीमीटर नीचे है।

उत्तराखंड में भूस्खलन और मलबे के चलते चारधाम यात्रा के मार्ग बाधित हो गए हैं। शनिवार को यमुनोत्री राजमार्ग भूस्खलन के कारण पांच स्थानों पर 12 घंटे तक बंद रहा, जबकि गंगोत्री राजमार्ग दो घंटे तक अवरुद्ध रहा। बदरीनाथ राजमार्ग भी प्रभावित हुआ, जिससे 2200 से अधिक यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। पिथौरागढ़ में चीन सीमा से जोड़ने वाला तवाघाट-लिपुलेख मार्ग मलबे के कारण बंद हो गया। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना कम है, लेकिन 17 सितंबर से फिर से बारिश शुरू होने का अनुमान है।

यूपी में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है

उत्तर प्रदेश में शनिवार को मौसम थोड़ा साफ हुआ, लेकिन गंगा, यमुना, राप्ती, घाघरा और सरयू नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कानपुर देहात और फतेहपुर में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि फर्रुखाबाद और बदायूं में गंगा खतरे के निशान पर है। प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। मुरादाबाद में कोसी नदी का पानी लखनऊ-दिल्ली हाईवे तक पहुंच गया है। बहराइच में घाघरा और अयोध्या में सरयू खतरे का निशान पार कर चुकी हैं। भारी बारिश से मुरादाबाद में गन्ना और धान की लगभग 50% फसल को नुकसान हुआ है।

हिमाचल में 41 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। प्रदेश में 41 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने रविवार को भी कुछ स्थानों पर बारिश की चेतावनी दी है।

बंगाल में बारिश का रेड अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के कारण पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। अगले 24 घंटों के लिए बंगाल के गांगेय क्षेत्र में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को 16 सितंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

झारखंड में मानसून की सक्रियता

झारखंड में लौटते मानसून के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो रही है। अगले दो-तीन दिनों तक इसी स्थिति के बने रहने की संभावना है। राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट और कुछ में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में भी बारिश का असर

बिहार के लगभग सभी जिलों में लगातार बारिश हो रही है। रविवार को पटना सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गंगा का जलस्तर बक्सर में चेतावनी बिंदु से एक मीटर नीचे रिकॉर्ड किया गया है।

मध्य प्रदेश में बारिश से थोड़ी राहत

मध्य प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश से राहत की उम्मीद है, हालांकि रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग में बारिश जारी रह सकती है। छत्तीसगढ़ में सरगुजा और बिलासपुर संभाग के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे