रामलला के दरबार जाएंगे अखिलेश! PDA के साथ सॉफ्ट हिंदुत्व का संदेश देने की तैयारी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाएंगे. उनके इस दौरे को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है. राजनीतिक जानकार इसे धार्मिक आस्था के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं. माना जा रहा है कि PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की राजनीति के साथ अखिलेश अब सॉफ्ट हिंदुत्व का संदेश भी देना चाहते हैं.
2024 के लोकसभा चुनाव में PDA के जरिए मिली सफलता के बाद सपा का लक्ष्य अब अपने पारंपरिक वोट बैंक से आगे बढ़ने का है. पार्टी गैर-यादव पिछड़ों, गैर-जाटव दलितों के साथ सवर्ण और शहरी हिंदू मतदाताओं के बीच भी अपनी स्वीकार्यता बढ़ाना चाहती है. ऐसे में राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करने का फैसला अहम माना जा रहा है.
बीजेपी के नैरेटिव को कमजोर करने की कोशिश
सपा लंबे समय से बीजेपी के मुस्लिम तुष्टीकरण के आरोपों का सामना करती रही है. बीजेपी चुनावी मंचों से सपा को हिंदू आस्था से दूर बताती रही है. अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना इसी राजनीतिक छवि को बदलने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. अखिलेश इससे यह संदेश देना चाहते हैं कि PDA की राजनीति और धार्मिक आस्था एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं.
पिछले कुछ महीनों में अखिलेश के सार्वजनिक बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट में भी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों का उल्लेख बढ़ा है. वह भगवान श्रीकृष्ण और भारतीय परंपराओं की बात करते रहे हैं. ऐसे में अयोध्या का दौरा उनकी इसी रणनीति की अगली कड़ी माना जा रहा है.
MY से आगे बढ़कर नए सामाजिक समीकरण पर नजर
सपा की राजनीति लंबे समय तक मुस्लिम-यादव (MY) समीकरण के इर्द-गिर्द रही है. हालांकि, PDA के जरिए पार्टी ने इस दायरे को बढ़ाने की कोशिश की. अब 2027 के चुनाव में सत्ता तक पहुंचने के लिए उसे व्यापक सामाजिक समर्थन की जरूरत है. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, राम मंदिर जैसे संवेदनशील धार्मिक मुद्दे पर सकारात्मक रुख अपनाकर सपा बीजेपी के मजबूत वैचारिक आधार में भी सेंध लगाने की कोशिश कर सकती है.
सनातन संस्कृति की बढ़ती ताकत से विपक्षी परेशान: ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की बढ़ती ताकत से विपक्ष के नेता परेशान हैं. आज पूरी दुनिया में सनातन संस्कृति का उत्थान देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता अगर अयोध्या जाते हैं तो उन्हें भगवान श्रीराम और सनातन संस्कृति से अपने व्यवहार के लिए कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए.
ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान अयोध्या धाम में निर्दोष कारसेवकों की जिस तरह हत्या की गई थी, उसके लिए भी विपक्षी नेताओं को माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और सनातन संस्कृति की कृपा से विपक्षी नेताओं के मन में बदलाव आ रहा है। इसके लिए वह भगवान श्रीराम और सनातन संस्कृति को बधाई देते हैं.
