shobhit University Gangoh
 

यूपी: चीनी मिल में हादसा, दो श्रमिकों की मौत, आर्थिक सहायता के लिए ग्रामीणों ने दिया धरना

मुजफ्फरनगर जनपद में भैंसाना शुगर मिल में शनिवार शाम को तकनीकी खराबी के कारण मिल का क्रिस्टलाइजर गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी लगने पर गांव के लोग वहां पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता की मांग को लेकर धरना दे दिया।

बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसाना में चीनी को साफ करने के लिए बनाए गए खौलते पानी का क्रिस्टलाइजर शनिवार शाम करीब चार बजे तकनीकी खामी से अचानक जमीन पर गिर पड़ा। घटना के समय क्रिस्टलाइजर पर दो मजदूर काम कर रहे थे, जो उसके नीचे ही दब गए। इनमें गांव भैंसाना निवासी लुकमान (35) और जनपद हाथरस निवासी सत्यवान (40) शामिल थे। क्रिस्टलाइजर गिरने से मिल में हड़कंप मच गया। तत्काल राहत कार्य शुरू कर सत्यवान को क्रिस्टलाइजर के नीचे से निकालकर सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वहीं लुकमान का शव क्रिस्टलाइजर के नीचे से बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही गांव भैंसाना से बड़ी संख्या में ग्रामीण शुगर मिल में पहुंच गए। ग्रामीणों ने लुकमान का शव कब्जे में लेकर मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।

उधर, सूचना पर एसडीएम कुमार भूपेंद्र व सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। अभी मिल प्रबंधन व ग्रामीणों के बीच आर्थिक सहायता को लेकर वार्ता चल रही है।

Jamia Tibbia