कटिहार में भीषण सड़क हादसा, समस्तीपुर के छह लोगों की मौत, लड़के का छेका कर लौट रहे थे सभी

कटिहार । मंगलवार की सुबह कटिहार जिले के एनएच 31 पर कुर्सेला थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कोसी पुल पर एक स्कार्पियो व ट्रक की टक्कर हो गई। इस घटना में स्कार्पियो के चालक समेत छह लोगों की मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। सभी मृतक समस्तीपुर जिले के रोसड़ा के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंधित थे।
जानकारी के अनुसार समस्तीपुर से कुछ लोग एक स्कार्पियो पर कटिहार आए थे। सभी एक शादी के रस्म में शामिल हुए। सभी लड़की पक्ष के लोग थे। इन लोगों ने कटिहार के कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र स्थित फुलवरिया गांव एक लड़के के छेका किया। यहां से लौटने के दौरान मंगलवार की सुबह करीब छह बजे स्कार्पियो और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। इस घटना में स्कार्पियो चालक समेत छह लोगों की मौत वहीं हो गई। तीन जख्मी हैं। भीषण सड़क हादसा
मृतकों में शिवजी महतो, नंदलाल महतो, राजकुमार, अजय महतो, रामस्वरुप साह एवं संतोष कुमार शामिल हैं। घायलों में कैलाश महतो, अर्जुन महतो व सुनील महतो का इलाज फिलहाल कुरसेला पीएचसी में चल रहा है। तीनों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने बताया कि प्रारंभिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों वाहन को जब्त कर लिया है। ट्रक चालक और खलासी फरार हैं। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के स्वजनों को भी दी। सूचना पाकर स्वजन वहां पहुंचे।
बता दें कि सोमवार को भी एनएच 31 पर समेली के समीप ट्रक व आटो की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। एन एच पर वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार दुर्घटना का सबब बन रहा है। एनएच पर डिवाइडर नहीं होना भी घटना का एक अहम कारण माना जाता है।
यह भी पढे >>देश में बढ़ रहे कोरोना के मामले, इन शहरों में मास्क लगाना हुआ अनिवार्य (24city.news)