‘हमसे TV पर खूब लड़ीं…’, पवन खेड़ा ने प्रियंका कक्कड़ का यूं किया कांग्रेस में स्वागत
आम आदमी पार्टी (AAP) की नेशनल चीफ प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने शनिवार (3 अक्टूबर) को कांग्रेस पार्टी का दामन थामा. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भी उनका मजाकिया अंदाज में स्वागत किया. प्रियंका कक्कड़ के पार्टी में शामिल होने के दौरान पवन खेड़ा ने कहा, “प्रियंका कक्कड़ बहुत जाना-माना चेहरा हैं. हमसे टीवी पर बहुत लड़ी भी हैं. हम सबसे खूब लड़ाई करती थीं.”
उन्होंने आगे कहा, “अब हमारे साथ बैठकर और लोगों से लड़ेंगी.” इस दौरान दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने उन्हें पार्टी गमक्षा पहनाकर स्वागत किया. साथ ही कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने भी उनका स्वागत किया है. बता दें कि शनिवार को कांग्रेस पार्टी में कई नेताओं की ज्वाइनिंग हुई. इस दौरान रजत राकेश टंडन ने भी कांग्रेस पार्टी का दामन थामा.
कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद क्या बोलीं प्रियंका?
कांग्रेस में शामिल होने के बाद कक्कड़ ने कहा कि वह बहुत गर्व के साथ कांग्रेस में शामिल हो रही हैं क्योंकि वह उस दिल्ली को वापस पाना चाहती हैं, जिसमें वह बड़ी हुई हैं. उन्होंने कहा, “मैं ऐसी हरी-भरी, स्वच्छ, प्रगतिशील और सुरक्षित दिल्ली चाहती हूं, जो मेरे बचपन और मेरे बड़े होने के वर्षों का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है.”
कक्कड़ ने कहा कि भारतीय राजनीति में एक दशक से अधिक समय के अनुभव के बाद उनका मानना है कि कांग्रेस ही ऐसा कर सकती है. उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए कहा, “अगर कोई एक नेता प्रामाणिक है, तो वह राहुल गांधी हैं. वह दृढ़ विश्वास वाले नेता हैं.”
प्रियंका कक्कड़ ने की राहुल गांधी की तारीफ
उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा, मैंने ऑब्जर्व किया कि आज की राजनीति में अगर कोई नेता सच्चाई से बात करता है तो वह राहुल गांधी हैं. वह एकमात्र लीडर हैं, जिन्होंने कैमरा के लिए आंसू नहीं बहाए. राहुल गांधी को नीचा दिखाने के लिए पूरी एक मशीनरी लगा दी गई, पर उन्होंने हार नहीं मानी. कांग्रेस पार्टी में एक आत्मा है, जो बाकी पार्टियों में मिसिंग दिखी.’
आप’ छोड़ने के कारणों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने जनता से कहा था कि वह बंगला और गाड़ी का इस्तेमाल नहीं करेगी, लेकिन बाद में निजी यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल होने लगे.
