नकुड़ में टाटा टी अधिकारियों की छापेमारी, दो दुकानों से अधोमानक चाय बरामद

नकुड़ में टाटा टी अधिकारियों की छापेमारी, दो दुकानों से अधोमानक चाय बरामद
नकुड़ कोतवाली में रखे कथित अधोमानक चाय के सीलबंद बोरे व पैकेट।

कंपनी के नाम और पैकेट की कथित नकल कर चाय बेचने का आरोप, कॉपीराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज

नकुड़, 1 अक्टूबर। टाटा टी कंपनी के अधिकारियों की ओर से नगर में दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर की गई छापेमारी से हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने दोनों दुकानों से टाटा टी के नाम और पैकेट की कथित नकल में पैक की गई अधोमानक चाय बरामद करने का दावा किया है। कंपनी की ओर से दोनों व्यापारियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए कोतवाली नकुड़ में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

स्पीड सर्च एंड सिक्योरिटी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के लीगल एडवाइजर प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि कंपनी को सूचना मिली थी कि नकुड़ में कुछ लोग टाटा कंपनी के ब्रांड नेम का कथित दुरुपयोग कर कंपनी के पैकेट से मिलते-जुलते पैकेट में अधोमानक चाय की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर उन्होंने कंपनी के क्वालिटी एक्सपर्ट शुभम गुप्ता के साथ गोयल प्रोविजनल स्टोर तथा जनक बाजार स्थित सतीशचंद रोशन लाल की दुकान पर छापेमारी की।

कंपनी अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से करीब तीन बोरे चाय की पत्ती बरामद हुई, जिसे टाटा टी कंपनी के नाम वाले कथित नकली पाउच में पैक किया गया था। बरामद चाय को सीलबंद कर कोतवाली लाया गया।

अधिकारियों ने आरोप लगाया कि टाटा के नाम पर अलग-अलग वजन के पाउच तैयार कर कथित रूप से नकली चाय की बिक्री की जा रही थी। कंपनी के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

कार्रवाई की सूचना फैलते ही नगर के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि कुछ व्यापारी नेताओं ने कंपनी के अधिकारियों से बातचीत कर मामले को समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखी। मामले को लेकर व्यापारियों में चर्चाओं का दौर जारी है।

Leave a Reply