सपा सांसद इकरा हसन बोलीं- ‘यूपी में चुनाव हैं इसलिए तोड़ी सहारनपुर की मस्जिद’
समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने देश के अलग-अलग हिस्सों में मस्जिदों पर हो रही कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए आज सिर्फ एक मजहब को ही टारगेट किया जा रहा है. यूपी में चुनाव है इसलिए सहारनपुर की मस्जिद को तोड़ा गया है.
मंगलवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर मुस्लिम संगठनों द्वारा देश के अलग-अलग हिस्सों में मस्जिदों के खिलाफ़ हो रही कार्रवाई के विरोध में किया गया था. इस प्रदर्शन में कैराना से सपा सांसद इकरा हसन, सँभल से सांसद जियाउर रहमान बर्क और रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी भी शामिल हुए. इस प्रदर्शन में जबरदस्त धक्का मुक्की देखने को मिली.
बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
इकरा हसन ने इस दौरान बीजेपी और यूपी सरकार पर जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है. क्या इस देश का मुसलमान अपनी पीड़ा भी नहीं आकर रो सकता है. हम लगातार इनके अपराधों का और इस सरकार की जो मंशा है उसका विरोध करेंगे. इनकी मंशा सिर्फ और सिर्फ चुनाव पर है.
मस्जिदों पर कार्रवाई का किया विरोध
सपा सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव हैं इसलिए सहारनपुर की मस्जिद को तोड़ा गया. वरना और कोई कानूनी अधिकार नहीं था इनके पास मस्जिद को तोड़ने का. जिस तरीके से नाइंसाफी सहारनपुर में हुई, सँभल में हुई और उज्जैन में कर रहे हैं. दिल्ली में भी हुआ, फरीदाबाद में भी हुआ, क्या इस देश में सिर्फ मस्जिद टूटने का ही आदेश जारी रहेगा.
हम किसी मजहब के खिलाफ नहीं हैं, हम अपने धर्म की हिफाजत करने के लिए आज सड़क पर उतरे हैं और ये लड़ाई मजबूती से लड़ेंगे. क्या इस देश में संविधान में कोई कदर नहीं रही है. हम किसी मजहब के खिलाफ नहीं है लेकिन सिर्फ़ एक मजहब को अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए टारगेट करना गैरकानूनी, असंवैधानिक है. इसके खिलाफ हम विरोध करेंगे और लड़ाई लड़ेंगे.
चुनाव आयोग पर मनमानी करने का आरोप
वहीं एसआईआर में नाम काटे जाने और चुनाव आयोग को लेकर भी सपा सांसद ने जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस तरह से EC का हमने रवैया देखा है. तीन सदस्य उसके अधिकारी है लेकिन सिर्फ एक आदमी के कहने से सारे काम हो रहे हैं. वहां पर तीनों की सर्व सहमति से काम होने चाहिए लेकिन, दस महीने में 14 बार विरोध होने के बावजूद जिस तरीके से मनमानी सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग कर रहा है उनके उनके ख़िलाफ़ भी हम सब है.
