राम मंदिर चढ़ावा चोरी: SC में सुनवाई जारी, CJI बोले- आरोपियों की गतिविधियों में…
देश की सर्वोच्च अदालत में मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्य कांत की अध्यक्षता में सोमवार (21 सितंबर, 2026) को अयोध्या के श्री राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुनवाई शुरू हो गई है. सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि हमने अदालत में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है. मामले की पहली गिरफ्तारी को 90 दिन का समय होने वाला है. उन्होंने कहा कि हम अगले दो दिनों में इस मामले पर चार्जशीट जमा करना चाहते हैं. इस पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि एसआईटी ने जांच के दौरान आरोपियों की गतिविधियों में गड़बड़ियां पाईं हैं. काउंटिंग रूप में काउंटिंग और हैंडलिंग के दौरान गड़बड़ी कई गई थी.
सुनवाई के दौरान क्या बोले CJI सूर्य कांत?
वहीं, सीजेआई सूर्य कांत ने मामले में आदेश लिखवाते हुए कहा, ‘विशेष जांच दल (SIT) की तरफ से की गई कार्रवाई की जानकारी दर्ज करवाई जा रही है. मामले में फॉरेंसिक ऑडिट भी करवाया गया, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की भी एनालिसिस हुई और आरोपियों की गतिविधियों में गड़बड़ियां पाई गईं. इसके अलावा, आरोपियों के अकाउंट और संपत्तियों की भी जानकारी जुटाई गई है, कुछ रिकवरी हुई है, उसकी भी SIT ने जानकारी दी है. SIT ने यह भी बताया है कि काउंटिंग रूम में काउंटिंग और हैंडलिंग के दौरान गड़बड़ी की गई थी.’
SIT चार्जशीट दाखिल करना चाहती है, तो करे- CJI
मुख्य न्यायाधीश ने कहा, ‘SIT अब चार्जशीट दाखिल करना चाहती है, तो दाखिल करे. इस मामले में मजिस्ट्रेट आगे की कार्रवाई कानून के मुताबिक करें.’ अदालत ने यह भी साफ किया कि धाराओं को देखते हुए मामले में एडिशनल सेशंस जज (मजिस्ट्रेट नहीं) सुनवाई करेंगे.’
वहीं, एसआईटी ने कहा कि वह चार दिन बाद शुक्रवार (25 सितंबर, 2026) या उससे पहले चार्जशीट दाखिल कर देगी.
