राजभर के ‘UP के 4 हिस्से’ वाले बयान पर बृजभूषण सिंह बोले- ‘बिना सोचे समझे…’
उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने और अलग पूर्वांचल राज्य बनने पर राजभर समाज से मुख्यमंत्री बनाए जाने के ओम प्रकाश राजभर के बयान पर पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी है. ओम प्रकाश राजभर ने देवरिया की रैली में दावा किया था कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंटेगा और पूर्वांचल अलग राज्य बनने पर राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा.
बृजभूषण शरण सिंह ने राजभर के बयान को ‘चुनावी जुमला’ और बिना सोचे-समझे दिया गया बयान बताया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत यहां की 80 लोकसभा सीटें हैं. यही वजह है कि देश की राजनीति में उत्तर प्रदेश का दबदबा है और प्रधानमंत्री बनने का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाने की बात कही जाती है.
‘केंद्र सरकार की ऐसी कोई मंशा नहीं’
उन्होंने कहा कि न तो केंद्र सरकार की ऐसी कोई मंशा है और न ही उत्तर प्रदेश सरकार की, इसलिए प्रदेश की इस राजनीतिक ताकत को खत्म नहीं किया जाना चाहिए. बृजभूषण ने कहा कि अगर इस बयान में गंभीरता होती तो राजभर पहले मुख्यमंत्री से बात करते और केंद्र के गृह मंत्रालय में भी इस पर चर्चा होती.
‘एक बंटवारे का दर्द देश आज तक झेल रहा’
देश के विभाजन का हवाला देते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि एक बंटवारे का दर्द देश आज तक झेल रहा है, ऐसे में दूसरे बंटवारे की बात गंभीरता से सोचकर ही की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि मंच से भाषण देते समय नेताओं के मुंह से कई बातें निकल जाती हैं और संभव है कि राजभर ने भी यह बात गंभीरता से नहीं कही हो.
ओम प्रकाश राजभर ने क्या कहा था?
दरअसल, रविवार (20 सितंबर) को देवरिया की एक रैली में सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि यूपी चार हिस्सों में बंटेगा और पूर्वांचल राज्य बना तो उसका सीएम राजभर का बेटा बनेगा.
