PM मोदी के जन्मदिन पर CM रेखा ने किया 108 कुंडीय हवन, CJP के सौरव दास ने उठाए सवाल

PM मोदी के जन्मदिन पर CM रेखा ने किया 108 कुंडीय हवन, CJP के सौरव दास ने उठाए सवाल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा आयोजित 108 कुंडीय हवन में शामिल होने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ने खाटू श्याम दिल्ली धाम में आयोजित यज्ञ में प्रधानमंत्री की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस कार्यक्रम में शामिल होने पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या जनता ने मुख्यमंत्री को ऐसे आयोजनों के लिए चुना है और देश में इस तरह के राजनीतिक-धार्मिक आयोजनों को लेकर सवाल खड़े किए। उनके बयान को लेकर दिल्ली की राजनीति में चर्चा शुरू हो गई है।

सत्य निकेतन हादसे को लेकर भी सवाल

सौरव दास ने अपने बयान में दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए पीजी भवन हादसे का भी जिक्र किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि हादसे में प्रभावित परिवारों और छात्रों के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। इससे पहले भी CJP की ओर से इस हादसे के बाद स्वतंत्र जांच, भवनों के स्ट्रक्चरल ऑडिट और जिम्मेदारी तय करने समेत कई मांगें उठाई गई थीं।

CM रेखा ने किए कई कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली सरकार की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 108 कुंडीय हवन के अलावा त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर में हिस्सा लिया। सरकार ने श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए ‘नमो श्रमिक केंद्र’ की शुरुआत की। साथ ही अंगदान को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली में SOTTO प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की जानकारी भी दी गई।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके राष्ट्रसेवा के संकल्प को प्रेरणादायक बताया। दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की भी घोषणा की है।

Leave a Reply