‘मौत तो एक दिन आनी ही है..’, हत्या की साजिश पर बोले चंद्रशेखर आजाद

‘मौत तो एक दिन आनी ही है..’, हत्या की साजिश पर बोले चंद्रशेखर आजाद
सांसद चंद्रशेखर आजाद

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उनकी हत्या की साज़िश रचने का आरोप लगाया है. चंद्रशेखर ने दावा किया कि उन्हें सूचना मिली है कि एक फार्म हाउस में उनकी हत्या की साजिश रची गई है. उन्होंने सरकार से इस मामले की उच्चस्तरीय जाँच कराने की मांग की और साजिश में शामिल लोगों की भूमिका सामने लाने की मांग की है.

हत्या की साजिश करने के लगाए आरोप

चंद्रशेखर आज़ाद ने वीडियो जारी कर कहा कि “एक फार्म हाउस में मेरी हत्या करने का षड्यंत्र रचा गया है. चाहे यूजीसी हो या चाहे आरक्षण के विरोध में जो आंदोलन चल रहे थे मैं अकेला आजाद समाज पार्टी की ओर से एकमात्र मुखर आवाज़ होकर पूरे प्रदेश में चाहे राम लखन मौर्य का मामला हो या विनोद साहनी का, जहां-जहां पिछड़ों और दलितों पर अत्याचार हुआ है हमने कमजोरों की आवाज़ उठाने का काम किया है.

जब राजनीतिक रूप से ये लोग हमें नहीं रोक पा रहे हैं तो हत्या करने का प्लान फार्म हाउस में बनाया गया है. तो सरकार को इसकी जाँच करानी चाहिए. ताकि दूध का दूध पानी का पानी हो जाए. मेरी मौत अगर आपके हाथों लिखी होगी तो हो जाएगी. लेकिन मेरे लोग साथ होंगे तो ऐसे गुंडों को यूपी से पलायन करना होगा.”

‘मौत से डरकर नहीं रहा जा सकता’

चंद्रशेखर ने कहा कि “मौत तो एक दिन आनी है, उसे रोका नहीं जा सकता है. लेकिन, जब मैं सुरक्षा में हूं तब अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वो इस तरह की हिंसा का प्रयोग कर रहे हैं आमना-सामना कर रहे हैं. जब दिन के उजाले में चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार है तो इस प्रदेश में दलित, पिछडे़ और मुस्लिमों के साथ कैसा व्यवहार हो रहा होगा.”

उन्होंने कहा कि मैं यह बात बहुत जिम्मेदारी से कह रहा हूं कि मेरे पास जो सूचनाएं और स्रोत हैं, वे गलत नहीं हैं. मैं सरकार से मांग करता हूं कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए और हत्या की साजिश से लेकर बाराबंकी हिंसा में शामिल लोगों की भूमिका सामने लाई जाए. मैं अपने साथियों से भी कहना चाहता हूं कि डरने की जरूरत नहीं है. संघर्ष जारी रहेगा. मौत से डरकर जिया नहीं जा सकता.

Leave a Reply