राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर सियासी घमासान, जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव से की स्टेडियम देने की मांग
मध्य प्रदेश के इंदौर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 12 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और नगर निगम के बीच गतिरोध जारी है। इसी बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
पटवारी ने अपने पत्र में कहा कि राहुल गांधी का कार्यक्रम महज राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर केंद्रित जनसंवाद है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कार्यक्रम के सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व को देखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
50 हजार विद्यार्थियों को जुटाने की तैयारी
कांग्रेस इस कार्यक्रम में इंदौर और आसपास के इलाकों से करीब 50,000 विद्यार्थियों को जुटाने की तैयारी कर रही है। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम के जरिए प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में कथित अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा।
पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के संवैधानिक पद पर हैं और विद्यार्थियों एवं युवाओं से उनके संवाद के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराया जाना कार्यक्रम के महत्व के अनुरूप होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश देने की मांग की।
नगर निगम ने अनुमति पर जताई आपत्ति
वहीं, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि नेहरू स्टेडियम को लेकर हाईकोर्ट का स्पष्ट आदेश है। उनके मुताबिक स्टेडियम में केवल खेल गतिविधियों या राज्यस्तरीय शासकीय कार्यक्रमों की अनुमति दी जा सकती है।
इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ऐसे में 12 सितंबर के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस और प्रशासन के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं।
