लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, राज्यमंत्री ने पात्र महिलाओं को किया सम्मानित

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, राज्यमंत्री ने पात्र महिलाओं को किया सम्मानित
सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को सम्मानित करते राज्यमंत्री।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट स्थित विवेकानंद सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी ने की।

इस दौरान लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। योजना के तहत प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात्रि 12 बजे तक माताओं, बहनों और बेटियों को उनके एक सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने प्रदेश की महिलाओं को इस योजना की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और आत्मनिर्भर नारी के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, महिला मोर्चा की सदस्यों एवं अन्य प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल, रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह, एआरएम जोगेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply