युवा अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली और क्षेत्राधिकार की दी जानकारी

युवा अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली और क्षेत्राधिकार की दी जानकारी
सहारनपुर में न्यायिक सभागार में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते न्यायिक अधिकारी।

सहारनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार युवा अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली, क्षेत्राधिकार एवं वादों के निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराने के उद्देश्य से बार काउंसिल, सहारनपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत, सहारनपुर के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आशुतोष तिवारी, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम पप्पू कुमार सिंह, बार काउंसिल अध्यक्ष राहुल त्यागी, महासचिव पालम राणा तथा स्थायी लोक अदालत के सदस्य जगपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पालम राणा ने किया। स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने युवा अधिवक्ताओं को लोक अदालत की स्थापना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और क्षेत्राधिकार की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोक उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का सुलह-समझौते के माध्यम से त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जा सकता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से कहा कि स्थायी लोक अदालत के क्षेत्राधिकार, विधिक प्रावधान अथवा वाद की पोषणीयता को लेकर किसी प्रकार की जिज्ञासा होने पर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम पप्पू कुमार सिंह ने युवा अधिवक्ताओं को न्यायिक प्रक्रिया एवं कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए विधिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव निरंतर बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आशुतोष तिवारी ने विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी। बार काउंसिल अध्यक्ष राहुल त्यागी ने युवा अधिवक्ताओं से स्थायी लोक अदालत के लाभों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा त्वरित एवं सुलभ न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। शिविर में युवा अधिवक्ताओं ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली, क्षेत्राधिकार एवं वादों के निस्तारण से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने समाधान किया।

अंत में बार काउंसिल महासचिव पालम राणा ने सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में चैधरी रणधीर सिंह, राकेश त्यागी, जमाल साबरी, जयवीर सिंह, चैधरी सतीश, संजय वर्मा, इशान अहमद, समन लाम्बा, रेखा रानी, अनिता रानी, सचिन क्षेत्री, अरुण चैधरी, जुबैर अली, कादिर फैसल, हनी शमी, इंशा, फैसल इकबाल आदि अधिवक्ताओं सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।

Leave a Reply