पूरा वंदेमातरम गाए जाने पर सोनिया गांधी ने जताया ऐतराज? कांग्रेस बोली- ‘किसी ने नहीं रोका’
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के पूरे गायन को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने वंदे मातरम का गायन बीच में रोकने का इशारा किया। हालांकि, कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि किसी ने भी राष्ट्रगीत को रोकने के लिए नहीं कहा।
वायरल वीडियो में सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कुछ इशारे करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद राहुल गांधी भी हाथ से इशारा करते दिखाई देते हैं। बीजेपी नेताओं ने इन इशारों को वंदे मातरम का गायन रोकने की कोशिश बताया।
कांग्रेस की ओर से सफाई देते हुए कहा गया कि कार्यक्रम में वंदे मातरम का गायन पूरा हुआ और इसे किसी ने नहीं रोका। कांग्रेस नेताओं ने वायरल वीडियो के एक हिस्से के आधार पर लगाए जा रहे आरोपों को राजनीतिक विवाद बताया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भी कहा कि इस मामले में कोई विवाद नहीं है।
वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सेवा दल के पूर्व अध्यक्ष लालजी देसाई ने हस्तक्षेप कर गायन जारी रखने को कहा, जिसके बाद पूरा वंदे मातरम गाया गया। हालांकि, सोनिया गांधी के इशारे का वास्तविक आशय क्या था, इसे लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
इस घटनाक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के दिन कांग्रेस और बीजेपी के बीच वंदे मातरम को लेकर सियासी बहस को और तेज कर दिया है।
