हर घर तिरंगा अभियान के तहत शाकुम्भरी विवि में

हर घर तिरंगा अभियान के तहत शाकुम्भरी विवि में
सहारनपुर में मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय सभागार में प्रतियोगिताओं के सफल विद्यार्थी।

सहारनपुर। माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर में कुलपति प्रोफेसर विमला वाई के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में हर घर तिरंगा, नशा मुक्ति एवं हरियाली तीज विषय रखे गए। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से देशभक्ति, नशे के दुष्प्रभाव, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। ‘हर घर तिरंगा’ विषय में रोहिणी ने प्रथम, सौरभ ने द्वितीय तथा शबनम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘नशा मुक्ति’ विषय में हरिओम प्रथम, अक्षम द्वितीय तथा काजल तृतीय रहीं। वहीं ‘हरियाली तीज’ विषय में खुशी त्यागी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। ‘हर घर तिरंगा’ विषय में अंशु आर्य ने प्रथम, मनीष ने द्वितीय तथा नरेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘नशा मुक्ति’ विषय में सुरभि त्यागी प्रथम, सीमा द्वितीय तथा शिव अल्का तृतीय रहीं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समन्वयक प्रो. विनोद कुमार सहित प्रोफेसरगण, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।