कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने पर व्यापार मंडल ने व्यक्त किया पुलिस-प्रशासन का आभार
सहारनपुर। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सहारनपुर के प्रतिनिधिमंडल ने महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर उनका आभार व्यक्त किया और उन्हें सम्मानित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, एडीएम न्यायिक राम आश्रय वर्मा तथा नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह से मुलाकात की। महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल ने कहा कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान सहारनपुर से बड़ी संख्या में कांवड़िये गुजरे। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित किया गया, जिसके चलते यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारी समाज ने भी विभिन्न स्थानों पर कांवड़ शिविर लगाकर कांवड़ियों के भोजन, विश्राम एवं चिकित्सा की व्यवस्था में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और प्रशासन के समन्वय से कांवड़ यात्रा के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो सकीं। व्यापार मंडल ने भविष्य में भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में महानगर महामंत्री इंजी. अजय शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र भूषण गुप्ता, कोषाध्यक्ष साहिल गाबा, महानगर अध्यक्ष युवा अंकित जैन, उपाध्यक्ष प्रवीण गाबा, तजेन्दर सिंह तनेजा, संजय मोहन गुप्ता, पवन गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, गौरव गोयल, जीवन गुप्ता, प्रशांत गोयल, अजय कुमार जैन एवं मुकेश सेठ आदि मौजूद रहे।
