लाल सागर, काला सागर और होर्मुज में बचाएं…, नेवी तैनाती की PM मोदी से गुहार
फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि रेड सी, ब्लैक सी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारतीय झंडे वाले जहाजों और भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए भारतीय नौसेना के जहाज और अन्य जरूरी सोर्स तैनात किए जाएं. यूनियन का कहना है कि इन इलाकों में बढ़ते संघर्ष की वजह से अब कमर्शियल शिपिंग रूट बेहद खतरनाक हो गए हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार (5 अगस्त 2026) को भेजी गई एक जरूरी अपील में यूनियन ने ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के साथ-साथ रूस-यूक्रेन युद्ध का भी जिक्र किया. यूनियन ने कहा कि इन हालात के कारण भारतीय समुद्री कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर तुरंत कदम उठाने की जरूरत है.
FSUI ने लेटर में क्या कहा?
FSUI ने अपने लेटर में कहा कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी तनाव और रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से कमर्शियल जहाजों के रास्ते अब सक्रिय खतरे वाले क्षेत्र बन गए हैं. मिसाइल और ड्रोन से लगातार मर्चेंट जहाजों पर हमले हो रहे हैं, जिससे भारतीय नाविकों की जान भी खतरे में पड़ रही है. यूनियन ने बताया कि बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट से गुजरते समय एक जहाज पर हमला हुआ था. उसने इस घटना को समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया. FSUI ने सरकार से मांग की कि जब तक संबंधित देशों के बीच स्थायी समझौता नहीं हो जाता, तब तक ब्लैक सी और रेड सी में भारतीय नौसेना की मौजूदगी बढ़ाई जाए. खास तौर पर बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट में भारतीय नाविकों और भारतीय झंडे वाले जहाजों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं.
