‘साजिश नाकाम, सत्य की हुई जीत’, बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर गदगद हुए कुश्‍ती संघ के अध्‍यक्ष संजय सिंह

‘साजिश नाकाम, सत्य की हुई जीत’, बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर गदगद हुए कुश्‍ती संघ के अध्‍यक्ष संजय सिंह
गोंडा: भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने पहलवानों के यौन शोषण मामले में बृजभूषण शरण सिंह को बरी किए जाने के बाद फेसबुक पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया है। पोस्ट में उन्होंने लिखा- ‘साजिश हुई नाकाम, सत्य की हुई जीत। सावन के पवित्र माह में बाबा विश्वनाथ की कृपा से हमारे अभिभावक, मार्गदर्शक बृजभूषण शरण सिंह नेताजी बाइज्जत बरी हुए। सत्यमेव जयते। हर महादेव।’बता दें कि दिल्‍ली की राउज एवेन्‍यू कोर्ट ने महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया है। 20 जुलाई 2023 से नियमित जमानत पर चल रहे बृजभूषण पर 10 मई 2024 को आरोप तय किए गए थे। कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह के साथ कुश्‍ती संघ के पूर्व सहायक सचिव विनोद तोमर को भी सभी आरोपों से बरी कर दिया है।

दिल्‍ली पुलिस ने लगाया क्‍लोजर रिपोर्ट

कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया था। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि जांच के दौरान कोई पुष्ट सबूत नहीं मिले हैं। नाबालिग पहलवान और उसके पिता ने भी अदालत में कहा था कि वे पुलिस की जांच से संतुष्ट हैं।

2023 में पहलवानों ने लगाए थे आरोप

उल्लेखनीय है कि साल 2023 में भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह पर 6 महिला पहलवानों और एक नाबालिग पहलवान ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इसके बाद देश की शीर्ष महिला पहलवानों ने जंतर-मंतर पर लंबे समय तक धरना प्रदर्शन किया था और कार्रवाई की मांग की थी। बृज भूषण ने शुरू से ही सभी आरोपों को गलत और राजनीतिक साजिश बताया था।

गोंडा में समर्थकों ने छुड़ाए पटाखे

आरोप लगने के बाद संजय सिंह को भारतीय कुश्ती संघ का नया अध्यक्ष चुना गया था। संजय सिंह को बृजभूषण का बेहद करीबी माना जाता है। बरी होने की खबर के बाद गोंडा समेत कई जिलों में समर्थकों ने पटाखे जलाकर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। समर्थक इस फैसले को सत्य की जीत बता रहे हैं।