CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके मंच से बोले, ‘जेपी नड्डा जी का धन्यवाद, बहुत ही जल्दी…’

CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके मंच से बोले, ‘जेपी नड्डा जी का धन्यवाद, बहुत ही जल्दी…’

कॉकरोच जनता पार्टी की सरकार के साथ दूसरे दौर की बातचीत के बाद इसके फाउंडर अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया सामने आई है. दूसरे दौर की बैठकर करीब 2 घंटे तक चली और हर मुद्दे पर विस्तार से बात हुई. इस बैठक में अभिजीत दीपके खुद शामिल नहीं थे. सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरभ दास ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से बात की. इस बैठक के बाद अभिजीत दीपके ने जेपी नड्डा का शुक्रिया अदा किया.

अभिजीत दीपके ने कहा, ”सबसे पहले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा जी का धन्यवाद, आज हमारे भाइयों को आपने 5 घंटे बैठाकर नहीं रखा. बहुत ही जल्दी फ्री कर दिया, उसके लिए शुक्रिया. दूसरी रिक्वेस्ट पीएम नरेंद्र मोदी जी से है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले लीजिए सर. अगर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं लेंगे तो ये देशभर के युवा जो सड़कों पर उतरे हैं, वो आपका इस्तीफा मांगना शुरू कर देंगे.

‘धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता है तो PM की कुर्सी पर सवाल उठेगा’

उन्होंने आगे कहा, ”स्टूडेंट्स की भी भलाई इसी में है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो जाना चाहिए. अगर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता है तो कहीं न कहीं पीएम मोदी की कुर्सी पर भी सवाल उठेगा. लाखों युवा देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं तो इनको इग्नोर करके अब काम नहीं चलेगा. क्योंकि अगर एक युवा पर लाठी पड़ती है तो उनके घर में चार वोट हैं जो सरकार को नहीं गिरेंगे. ये सरकार वोट की ही बात समझती है.”

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा- अभिजीत दीपके

CJP फाउंडर ने जंतर मंतर पर बैठे सभी लोगों का धन्यवाद भी किया. उन्होंने ये भी कहा, ”सरकार आज हमें बातचीत करने के लिए बुला रही है तो ये सिर्फ आपलोगों की वजह से बुला रही है. इसमें हमलोगों ने कुछ अलग नहीं किया है. ये आपलोगों की मेहनत है, ये आपलोगों का संघर्ष है. देशभर में प्रदर्शन कर रहे युवाओं का ये जादू है कि जो सरकार कभी सुनने के लिए तैयार नहीं थी वो आज खुद से कह रही है कि आओ बात करो. आपलोगों को सलाम है. आप यहीं बने रहिए और यहीं डटे रहिए. बिना इस्तीफा लिए हम यहां से नहीं जाएंगे. जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होगा तब तक जंतर मंतर पर प्रदर्शन चलता रहेगा.”