सदर बाजार पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान काबू किए दो लुटेरे

सदर बाजार पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान काबू किए दो लुटेरे
सहारनपुर में सदर बाजार पुलिस द्वारा दबोचे गए लुटेरे।

सहारनपुर। सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कान का कुंडल, अवैध असलाह मय कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक छूरा एवं घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली।

मिली जानकारी  जानकारी के अनुसार 20 जुलाई को वादिया श्रीमती रजनी गुप्ता पत्नी नरेश कुमार गुप्ता निवासी न्यू आवास विकास थाना सदर बाजार ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर बताया था कि स्कूटर सवार दो बदमाशों ने उसके बाएं कान का कुंडल झपटा मारकर छीन लिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी। आज सदर बाजार कोतवाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक चंद्रसैनी सैनी, उपनिरीक्षक रचित यादव व उपनिरीक्षक अमरीश कुमार के नेतृत्व में दिल्ली रोड स्थित छिदबना कट पर चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार होकर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए।

नजदीक आने पर पुलिस ने स्कूटर सवार व्यक्तियों को रूकने का इशारा किया तो वे रूके नहीं और स्कूटी को तेज रफ्तार से न्यू आवास विकास की तरफ मोड़ दिया तथा तेजी से भागते हुए पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। इसी दौरान न्यू आवास विकास तिराहे के पास बदमाशों की स्कूटी अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना देरी किए दोनों बदमाशों को दबोच लिया।

दबोचे गए बदमाशों में रोहित सैनी उर्फ छोटू पुत्र अशोक सैनी निवासी केएलजी स्कूल के पास शारदा नगर थाना कुतुबशेर व आयुष शर्मा पुत्र विनोद शर्मा निवासी दरबारी चाय वाली गली शारदा नगर थाना कुतुबशेर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस 315 बोर, एक छूरा, दो मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली। दबोचे गए बदमाशों ने पूछताछ के दौरान बताया कि 20 जुलाई को हम दोनों ने योजना के अनुसार सड़क पर अकेली जाती औरत के कान से झपटा मारकर कुंडल छीना था। पुलिस ने आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया।