बांकीपुर से असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी भी लड़ेगी उपचुनाव? AIMIM के बयान से बढ़ी टेंशन!
बांकीपुर सीट से उपचुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी (एआईएमआईएम) भी लड़ सकती है. हालांकि अंतिम फैसला एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेना है. इसके बाद गुरुवार (09 जुलाई, 2026) को इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है. पार्टी की ओर से आए बयान के बाद अन्य दलों की टेंशन बढ़ गई है.
पार्टी से जुड़े एक नेता राणा रंजीत ने एक्स पर अपना बयान जारी किया है. उन्होंने कहा, “विपक्ष अगर मिलकर एक कैंडिडेट उतारता तो बीजेपी को हराया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. आरजेडी ने अपना कैंडिडेट उतार दिया… प्रशांत किशोर भी चुनाव लड़ रहे हैं.” उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान से मांग करते हुए कहा, “विपक्ष में एकता नहीं है तो ऐसे में हमारी पार्टी भी कैंडिडेट उतारे, मैं यही चाहता हूं.”
कल हो सकता है औपचारिक ऐलान
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन ने बुधवार (08 जुलाई, 2026) को एबीपी न्यूज़ से कहा कि राणा रंजीत ने अपनी बात कही है. वह पार्टी के प्रखर नेता हैं, लेकिन इस पर अभी हम लोगों की बातचीत हो रही है. आज (बुधवार) शाम में पार्टी के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से बात होगी. उनकी ओर से मुहर लगने के बाद निर्णय लिया जाएगा. असदुद्दीन ओवैसी की ओर से मुहर लगती है तो कल (गुरुवार) प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की जाएगी.
उन्होंने कहा कि उपचुनाव के लिए पार्टी को कई लोगों का बायोडाटा आया है. सब पर विचार भी किया जा रहा है. सिर्फ असदुद्दीन ओवैसी के फैसले का इंतजार है.
बता दें कि जातीय समीकरण के अनुसार बांकीपुर विधानसभा सीट कायस्त बहुल क्षेत्र माना जाता है, लेकिन मुस्लिम की आबादी भी यह अच्छी है. आंकड़ों के अनुसार बांकीपुर क्षेत्र में करीब 10 फीसद मुस्लिम आबादी है. दूसरे नंबर पर यादवों की संख्या है. अगर ओवैसी की पार्टी ने उम्मीदवार उतारा तो निश्चित तौर पर आरजेडी के वोटों में बिखराव तय है.
