‘चंपत राय से हमारा कोई लेना-देना नहीं’, श्रीराम जन्मभूमि सेवा समिति के आचार्य धर्मदास महाराज का बड़ा बयान
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद से राजनीतिक दलों के साथ-साथ साधु-संतों में भी भारी नाराजगी है. इस बीच श्रीराम जन्मभूमि सेवा समिति के महंत आचार्य धर्मदास महाराज ने ने प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया था लेकिन किसी वजह से इसे रद्द कर दिया गया. अब आचार्य धर्मदास महाराज ने एबीपी न्यूज से बातचीत में बताया है कि इस प्रेस कांफ्रेंस के जरिए वे क्या बताना चाहते थे.
आचार्य धर्मदास महाराज ने बताया कि आज पत्रकार वार्ता नहीं हुई क्योंकि तमाम लोग आ-जा रहे हैं. काम बढ़ गया है, इसलिए अब दो-तीन दिन बाद प्रेस वार्ता करेंगे. हम राम जन्मभूमि और यहां की व्यवस्था के विषय में कोई बात रखना चाहते थे, लेकिन यह सारी जानकारी अब अगली प्रस्तावित प्रेस कांफ्रेंस में रखी जाएगी.
सेवा समिति के महतं आचार्य धर्मदास महाराज ने बताया कि वह यह बात रखना चाहते थे कि राम जन्मभूमि पर जैसे पहले पूजा-पाठ होती थी, उसी प्रकार से होनी चाहिए. साधु समाज उसमें आगे रहे. साधु समाज को देखते हुए व्यवस्थाएं हों. इसके लिए वह डीएम को पत्र भी सौंप सकते हैं.
‘किसी के दबाव के चलते रद्द नहीं हुई कांफ्रेंस’
प्रेस कांफ्रेंस को रद्द क्यों किया गया, इसको लेकर सवाल किए जाने पर आचार्य धर्मदास महाराज ने कहा कि उनपर किसी तरह का कोई दबाव नहीं था, न ही वो किसी के दबाव को मानने वाले हैं. बस किसी जरूरी काम के चलते कांफ्रेंस की तारीख को आगे बढ़ाया जा रहा है. अब दो-तीन दिन बाद प्रेस वार्ता कर सेवा समिति की बात रखी जाएगी.
‘गंदगी के ढेर का प्रचार नहीं करना चाहिए’
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बारे में बात करते हुए महंत ने आगे कहा, “जिसने भी हिंदुओं की आस्था पर चोट पहुंचाई है, उसके मुंह पर पूरा भारतवर्ष थू-थू कर रहा है. गंदगी के ढेर का प्रचार नहीं करना चाहिए. गंदगी अपने आप दब जाए यही ठीक रहेगा. गंदे आदमी की बात और गंदे आदमी के प्रचार से अपनी आत्मा खराब होती है. इसलिए हम किसी का नाम नहीं लेते हैं, क्योंकि हम गंदगी की बात नहीं करते.”
चंपत राय पर क्या बोले महंत धर्मदास महाराज
श्रीराम जन्मभूमि सेवा समिति के महंत ने कहा, “चंपत राय से हमारा कोई लेना-देना नहीं है, न हमें उनके बारे में कोई बात करनी है. सीएम योगी बैठे हैं गद्दी पर तो कोई भ्रष्टाचार नहीं कर सकता है. मैं उनको बहुत अच्छी तरह से जानता हूं. जब वह कुर्सी पर बैठे भी नहीं थे, तबसे जानता हूं. उनके गुरु महाराज से, उनके दादागुरु से भी हमारे अच्छे संबंध रहे हैं. योगी आदित्यनाथ के रहते कोई भ्रष्टाचारी बच नहीं सकता है, यही हमारा विश्वास है.”
उन्होंने यह भी बताया कि योगी आदित्यनाथ से हमारी रोज ही बात होती है. सीएम के साम चढ़ावा चोरी के विषय के बारे में कोई बात नहीं हुई है. वह खुद ही इसपर ध्यान दे रहे हैं.
अखिलेश यादव पर भड़के आचार्य धर्मदास महाराज
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रदर्शन पर धर्मदास महाराज ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव की बात हमसे मत करो. उनके पिताजी के राज में यहां गोलियां चलीं और कितनों के खून बहे थे. उनके बारे में क्यों बात करनी? अखिलेश यादव ने राम जन्मभूमि पर कभी एक रुपया भी चढ़ाया था जो आज हिसाब मांग रहे हैं? कांग्रेस वाले जो प्रदर्शन करने आ रहे हैं, उनका भगवान भला करे. जो सीट मिली हैं, वो भी न मिलें.”
