शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग एंड साइंसेज विभाग द्वारा छात्रों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन
गंगोह। शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग एंड साइंसेज के 50 छात्र-छात्राओं ने 11 सितंबर 2026 को मोहाली और चंडीगढ़ के विभिन्न शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों के साथ विभाग के चार शिक्षक भी शामिल रहे।
शैक्षणिक भ्रमण का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह और विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार ने बस को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर एसबीएसई के डीन एवं डीन रिसर्च प्रो. (डॉ.) राजीव दत्ता भी मौजूद रहे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने BRIC-नेशनल एग्री-फूड एंड बायोमैन्युफैक्चरिंग इंस्टीट्यूट, मोहाली का दौरा किया। यहां छात्रों ने कृषि, जैव-प्रौद्योगिकी, खाद्य विज्ञान और जैव-विनिर्माण से जुड़े वैज्ञानिक अनुसंधान एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को संस्थान की प्रयोगशालाओं और अनुसंधान कार्यों को करीब से समझने का अवसर मिला।

इसके अलावा छात्रों ने रॉक गार्डन, चंडीगढ़ का भ्रमण कर कला, रचनात्मकता और पुनर्चक्रण पर आधारित अनूठी अवधारणाओं को देखा। वहीं, सुखना झील की यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया।
भ्रमण के दौरान BRIC-नेशनल एग्री-फूड एंड बायोमैन्युफैक्चरिंग इंस्टीट्यूट, मोहाली में कार्यरत वैज्ञानिक डॉ. संजना नेगी को विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. सरिता शर्मा, अंकुर चौहान एवं विभागीय सदस्यों ने स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विश्वविद्यालय की टीम ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू और कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह ने शैक्षणिक भ्रमण के आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों और व्यावहारिक गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करते हैं। इससे विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि होती है और उन्हें अपने विषय से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं प्रमाणिक जानकारी हासिल करने का अवसर मिलता है।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ डॉ. सरिता शर्मा, अंकुर चौहान, सोनाली राव और अक्षित कुमार मौजूद रहे। शिक्षकों ने यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा, मार्गदर्शन और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा।
