वनडे में 264 रन, रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम; 12 साल पहले लगाई थी लंका
भारत के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा के 264 रन वाले वनडे वर्ल्ड रिकॉर्ड को आज (13 नवंबर) 12 साल पूरे हो गए. हिटमैन ने 2014 में आज के दिन श्रीलंका के खिलाफ वनडे में इस कमाल पारी को अंजाम दिया था. ओपनिंग पर उतरे रोहित ने 173 गेंदों में 33 चौके और 9 छक्कों (कुल 42 बाउंड्री) की मदद से 264 रनों की पारी खेली थी. गौर करने वाली बात यह है कि अब तक उनका रिकॉर्ड कोई तोड़ नहीं सका है. वह वनडे में सबसे बड़ा निजी स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
वनडे में दूसरे सबसे बड़े निजी स्कोर पर नजर डालें तो न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल 237* रन के साथ दूसरे पायदान पर नजर आते हैं. इसके बाद भारत मौजूदा वनडे कप्तान शुभमन गिल 223* रनों के साथ तीसरे नंबर पर हैं.
वनडे में 5 सबसे बड़े निजी स्कोर
रोहित शर्मा- 264 रन
मार्टिन गप्टिल- 237* रन
शुभमन गिल- 223* रन
वीरेंद्र सहवाग- 219 रन
क्रिस गेल- 215 रन
भारत ने बड़े मार्जिन से जीता था मैच
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 404 रन बनाए थे. रोहित शर्मा ने 264 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली थी. इसके अलावा विराट कोहली ने 6 चौकों की मदद से 66 रन बनाए थे. इस दौरान श्रीलंका के लिए एंजेलो मैथ्यूज ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए थे. नुवान कुलसेकरा और शमिंडा एरंगा ने 1-1 विकेट अपने खाते में डाला था.
चेज के लिए उतरी श्रीलंका 43.1 ओवर में सिर्फ 251 रन पर ऑलआउट हो गई थी. श्रीलंका ने 153 रन से हार का सामना किया था. टीम के लिए एंजेलो मैथ्यूज ने 9 चौके और 1 छक्का लगाकर 75 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली थी. लाहिरू थिरिमाने ने 7 चौके और 1 छक्का लगाकर 59 रन बनाए थे. इन बल्लेबाजों की पारियां टीम के लिए सिर्फ जीत का अंतर ही कम कर सकी थीं. इस दौरान टीम इंडिया के लिए धवल कुलकर्णी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए थे. बाकी उमेश यादव, स्टुअर्ट बिन्नी और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट अपने खाते में डाले थे.
पढ़ी गई 8 बार
