UP SIR पर BJP का मंथन: कहा- छूटे नाम जुड़वाएंगे, कांग्रेस बोली- ‘अमित शाह हराना चाहते हैं?’
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर रद्द करने की मांग पर विपक्ष अड़ा है. इस बीच यूपी चुनाव के करीब आते ही इसी मुद्दे पर नया सियासी बखेड़ा खड़ा होता दिख रहा है. हाल ही में राज्य में हुए एसआईआर के बाद वोटर लिस्ट से करोड़ों वोटर के नाम गायब हो गए हैं. इसपर खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सवाल खड़े किए हैं.
विपक्ष के साथ खुद बीजेपी को इस पर मंथन करना पड़ रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि वोटर लिस्ट से 1 करोड़ 27 लाख हिंदू वोटर्स के नाम काट दिए गए हैं. सीएम के इस बयान ने आग में घी डालने का काम ही किया है. जिससे बैठे-बैठे विपक्ष को मुद्दा मिल गया. एक तरफ बीजेपी की बढ़ती टेंशन और विपक्ष का लगातार ऐसे मुद्दे पर हमलावर होना, चिंगारी का काम कर रही है.
बीजेपी ने अपनी मीटिंग में तय किया है कि जो नाम एसआईआर में छूट गए हैं, उनके नाम को वापस वोटर लिस्ट में जोड़ा जाएगा. ताकि कोई पात्र मतदाता छूट न जाए. वहीं, खुद अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि आखिर पद पर बैठा इंसान कैसे कह सकता है कि इतने हिंदू वोटर्स के नाम कट गए?
यह बात तो हम महीनों से कह रहे: पवन खेड़ा
वहीं, कांग्रेस ने चुटकी लेते हुए गृहमंत्री अमित शाह पर वोटर डिलीट करने का आरोप मढ़ा है और सवाल करते हुए पूछा क्या अमित शाह हरवाना चाहते हैं?
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ”वे आज यह बात कह रहे हैं. हम तो महीनों से कह रहे हैं कि देशभर में जहां भी एसआईआर हो रहा है, वहां से वोट हटाए जा रहे हैं. अब अगर उनके वोटर्स या कोई ऐसा व्यक्ति जो किसी ऐसे इंसान को जानता हो, उसका नाम हटा दिया गया है. यह पूछे कि अमित शाह उनके नाम क्यों हटवा रहे हैं. क्या वे हारना चाहते हैं?”
अखिलेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री को घेरा
इधर, इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी मुखर हो गई है. पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया है कि एसआईआर के बाद यूपी में एसएसआर की प्रक्रिया हो रही है, उसमें बड़े स्तर पर गड़बड़ी की जा रही है.
इसके आगे उन्होंने कहा, ”मैं सभी पीडीए प्रहरियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं. इन्होंने अपने वोटों की रक्षा की और समय समय पर जानकारी साझा की. भाजपा, और उससे जुड़ी संस्थाओं के लोगों, चुनाव आयोग और उसकी तकनीकी सहायता टीम ने बड़े पैमाने पर वोटों को हटाने की पूरी कोशिश की है. हम अपने वोटों के बचाने में सफल रहे.”
अखिलेश यादव ने कहा, ”मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि 1.77 करोड़ हिंदू वोट कट गए हैं. मेरा मानना है कि यह समाज में डर फैलाने और पॉलिटिकल माइलेज लेने की एक गहरी साजिश का हिस्सा है. एक मुख्यमंत्री जो पद की शपथ लेते हैं, वो कभी नहीं कह सकते हैं कि एक करोड़ 27 लाख हिन्दू के वो कट गए. उन्हें कैसे पता. वही बात अगर हम कहेंगे तो कहेंगे कि 90 प्रतिशत पीडीए का वोट कट गया.”
बैकफुट पर बीजेपी चलाएगी अभियान
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा है कि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है कि एसआईआर प्रक्रिया अपनाई जा रही है. यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है. यह नौंवी बार है. इसके लिए एक महीने का समय दिया गया है. जिनका भी नाम छूट गया है, वे उसे जुड़वा सकते हैं. इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिनका नाम छूट गया है, उन्हें वोटर लिस्ट में शामिल किया जाए.
उन्होंने कहा कि यह काम संगठन का नहीं, बल्कि चुनाव आयोग का है. चुनाव आयोग अपना काम कर रहा है. बीजेपी के सदस्य होने के नाते और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों के रूप में ये हमारे सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि वह सुनिश्चित करें कि कोई भी भारतीय नागरिक वोट देने के अधिकार से वंचित न रह जाए. इसलिए पार्टी एक महीने का अभियान चला रही है.
कार्यकर्ता वोटर्स के घर जाएंगे: ब्रजेश पाठक
यूपी के उपुमख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि यूपी में बीजेपी की एसआईआर को लेकर अहम बैठक में भी जिला अध्यक्ष शामिल होंगे. हमारी पार्टी के कार्यकर्ता वोटर्स के घर जाएंगे, ताकि वोटर्स रजिस्ट्रेशन में चुनाव आयोग की मदद कर सकें. लोगों को वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने में सहायता दे सकें.
यूपी में 3 करोड़ से ज्यादा वोटर्स के नाम काटे गए
दरअसल, यूपी में एसआईआर के बाद एसएसआर की प्रक्रिया जारी है. पंचायत और निकाय चुनाव में यूपी में 3 करोड़ 38 लाख वोटर्स के नाम कटने की बात सामने आई है. जिसपर सियासी बवाल मचा हुआ है. एक तरफ विपक्ष किलेबंदी में मुस्तैदी से जुटा है, तो वहीं खुद बीजेपी आत्ममंथन के दौर से गुजर रही है.
