लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए तीसरे चरण का मतदान प्रारंभ हो गया है। माक पोलिंग से केन्द्रों पर पोलिंग पार्टियों ने ईवीएम को परखा इसके बाद मतदाताओं को प्रवेश दिया गया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में तीसरे चरण के लिए 16 जिलों की 59 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 2.16 करोड़ मतदाता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा केन्द्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल सहित 627 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 97 प्रत्याशी महिला हैं। इस चरण में 13 सीटें सुरक्षित हैं।
तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर व महोबा में मतदान चल रहा है। हाथरस (अ.जा.), सादाबाद, सिकन्दरा राऊ, टूंडला (अ.जा.), जसराना, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, सिरसागंज, कासगंज, अमापुर, पटियाली, अलीगंज, एटा, मारहरा, जलेसर (अ.जा.), मैनपुरी, भोगांव, किशनी (अ.जा.), करहल, कायमगंज (अ.जा.), अमृतपुर, फर्रुखाबाद, भोजपुर, छिबरामऊ, तिर्वा, कन्नौज (अ.जा.), जसवंत नगर, इटावा, भरथना (अ.जा.), बिधूना, दिबियापुर, औरेया (अ.जा.), रसूलाबाद (अ.जा.), अकबरपुर-रनिया, सिकन्दरा, भोगनीपुर, बिल्हौर (अ.जा.), बिठूर, कल्याणपुर, गोविन्दनगर, सीसामऊ, आर्यनगर, किदवई नगर, कानपुर कैंटोनमेंट, महराजपुर, घाटमपुर (अ.जा.), माधौगढ़, कालपी, उरई (अ.जा.), बबीना, झांसी नगर, मऊरानीपुर (अ.जा.), गरौठा, ललितपुर, महरौनी (अ.जा.), हमीरपुर, राठ (अ.जा.), महोबा तथा चरखारी विधानसभा क्षेत्र में मतदान हो रहा है।
अखिलेश, बघेल, शिवपाल, महाना सहित कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर: तीसरे चरण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री एसपी सिंहबघेल कर रहे हैं। योगी सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना कानपुर की महराजपुर, आबकारी मंत्री राम नरेश अग्निहोत्री मैनपुरी के भोगांव व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार कल्याणपुर से चुनाव मैदान में हैं। शिवपाल सिंहयादव इटावा की जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। फीरोजाबाद की सिरसागंज सीट पर मुलायम सिंहयादव के समधी हरिओम यादव इस बार भाजपा के टिकट से किस्मत आजमा रहे हैं। कानपुर की किदवईनगर सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय कपूर व सीसामऊ सीट पर सपा के हाजी इरफान सोलंकी फिर मैदान में हैं। फर्रूखाबाद से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं। बसपा छोड़कर भाजपा में आए विधायक रामवीर उपाध्याय हारथरस की सादाबाद से चुनाव मैदान में हैं। आइपीएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए असीम अरुण कन्नौज से भाजपा के टिकट पर किस्मत आजमा रहे हैं।
मतदान के लिए केंद्रीय बलों की 866 कंपनियां तैनात हैं। इनमें से बूथों पर 860 कंपनी, स्ट्रांग रूम ड्यूटी के लिए छह कंपनी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस के 5154 इंस्पेक्टर एवं सब इंस्पेक्टर, 50597 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षियों को लगाया गया है। इनके साथ 39 कंपनी पीएसी, 49905 होमगार्ड, 1330 पीआरडी जवान व 10425 चौकीदारों को भी चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। 50 प्रतिशत बूथों की वेबकास्टिंग के जरिए सीधी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की दिक्कत है वहां वीडियो कैमरे की व्यवस्था है।
चप्पे-चप्पे पर मजिस्ट्रेट की नजर : तीसरे चरण के मतदान में कानून और प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी के लिए 52 सामान्य प्रेक्षक, 16 पुलिस प्रेक्षक तथा 19 व्यय प्रेक्षक तैनात किए गए हैं। इनके अलावा 2235 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 273 जोनल मजिस्ट्रेट और 832 स्टैटिक मजिस्ट्रेट व 3069 माइक्रो आब्जर्वर लगाए गए हैं।
तीसरे चरण में 15,557 मतदान केंद्रों के 25,794 मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) पर वोट डाले जा रहे हैं। आयोग ने 641 आदर्श मतदान केंद्र बनाए हैं। 129 पिंक पोलिंग बूथ भी बनाए गए हैं इनमें सिर्फ महिलाकर्मी ही होंगी। इसके साथ दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर व जगह-जगह वालंटियर की भी व्यवस्था की गई है। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, एक वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक व दो वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं को जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से मतदाता पर्ची वितरित कराई जा चुकी है। इसके जरिए मतदाताओं को मतदेय स्थल व क्रम संख्या की जानकारी हो सकेगी। इसके अलावा मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप, भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से भी अपने मतदेय स्थल की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पिछले चुनाव में 59 में 49 सीटों पर था भाजपा का कब्जा : वर्ष 2017 के चुनाव में इन 59 सीटों में 49 सीटों पर भाजपा का कब्जा था। सपा के खाते में आठ व बसपा व कांग्रेस के पास एक-एक सीट थी। पिछले चुनाव में इन सीटों पर 62.21 प्रतिशत औसत मतदान हुआ था। वर्ष 2019 के लोक सभा चुनाव में 59.73 प्रतिशत वोट पड़े थे। इस चरण के चुनाव में जहां भाजपा परिवारवाद का आरोप लगाकर एक ओर सपा को घेर रही है वहीं, योगी सरकार बेहतर कानून व्यवस्था के लिए वोट मांग रही है। वहीं, सपा बेरोजगारी, किसानों की समस्या के साथ ही 300 यूनिट फ्री बिजली देने सहित कई लुभावने मुद्दों पर वोट मांग रही है।
तीसरा चरण : एक नजर में
-कुल मतदाता : 2.16 करोड़
पुरुष मतदाता : 1.16 करोड़
महिला मतदाता : 1.00 करोड़
थर्ड जेंडर मतदाता : 1060
-कुल प्रत्याशी : 627
-महिला प्रत्याशी : 97
-कुल इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) : 25,794
-माइक्रो आब्जर्वर : 3069
-सामान्य प्रेक्षक : 52
-व्यय प्रेक्षक : 19
-पुलिस प्रेक्षक : 16
-मतदान में लगे कार्मिक-123411
-मतदान कार्य में लगे हल्के वाहन : 6426
-मतदान कार्य में लगे भारी वाहन : 5947
-आदर्श मतदान केंद्र-641
-पिंक बूथ-129।