लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने लोकतंत्र को मजाक बना दिया है, विपक्ष के खिलाफ साजिशें हो रही हैं। भाजपा सरकार का यह दावा खोखला है कि प्रदेश गुंडा माफिया मुक्त है। फाजिल नगर से सपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या पर मंगलवार को गोड़रिया में उनका रोड-शो आयोजित था। सुनियोजित तरीके से भाजपा के गुंडों ने उनके काफिले पर कातिलाना हमला किया, ये घोर निंदनीय है। भाजपा और उसके समर्थक अपनी करारी हार देखकर बौखलाहट में होश खोकर हमलावर हो रहे हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि फोन पर स्वामी प्रसाद मौर्या ने बताया कि उन पर भाजपा ने जानलेवा हमला जानबूझकर कराया है। भाजपाई गुंडों ने अपनी ही सांसद संघमित्रा मौर्या पर भी जानलेवा हमला किया है। यह भाजपाई लोकतंत्र की कलई खुलने का एक और सबूत है। मौर्या रोड शो में एक दूसरी गाड़ी में सवार थे और रोड शो में आगे निकल गए थे। भाजपा के इस हमले के खिलाफ मौर्य गोड़रिया में पडरौना तमकुहीराज रोड पर धरने पर बैठ गए। प्रदेश में कानून व्यवस्था का यह वीभत्स रूप है। घटना में शामिल सभी लोगों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग को सुनिश्चित करना होगा कि फाजिलनगर में मतदान बिना किसी भय व अनियमितता के हो सके। इसी तरह पिछले दिनों प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा क्षेत्र में जनसत्ता दल के प्रत्याशी रघुराज प्रताप सिंह के दबंग समर्थकों ने सपा प्रत्याशी गुलशन यादव पर हमला किया था। उस हमले में भी कई सपा कार्यकर्ता और समर्थक घायल हुए थे और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे।

बता दें कि चुनाव प्रचार खत्म होने के अंतिम दिन कुशीनगर जिले की फाजिलनगर सीट से सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के रोड शो के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ता भिड़ गए। दोनों में जमकर ईंट-पत्थर चले। पथराव में 13 वाहन क्षतिग्रस्त और 10 व्यक्ति घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक दूसरे को देखकर दोनों तरफ से नारेबाजी शुरू हो गई। फिर पत्थर चलने लगे। कई गाड़ियां टूटीं। दोनों तरफ के कार्यकर्ता घायल हुए। विवाद के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाते हुए तमकुही-पडरौना मार्ग पर धरने पर बैठ गए। एडीएम और एएसपी ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया, वहीं डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और स्वामी प्रसाद से बात कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पिता के लिए प्रचार करने को लेकर वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आईं स्वामी प्रसाद मौर्य की पुत्री और बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य भी मौके पर पहुंचीं और खुलकर पिता के समर्थन में आ गईं। बगावती तेवर दिखाते हुए कहा कि शांति और दंगा मुक्त प्रदेश बनाने की बात करने वाली भाजपा के गुंडों ने उनके पिता पर हमला किया। उन्हें भी घेरा। स्वामी प्रसाद को जिताने की अपील करते हुए संघमित्रा ने कहा कि जनता तीन मार्च को भाजपा को सबक सिखाएगी।