ऐतिहासिक होगी केंद्रीय गृहमंत्री व मुख्यमंत्री की रैली

- सहारनपुर में सर्किट हाऊस में पत्रकारों से वार्ता करते जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप सिंह शाही ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारें जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में कल (आज) केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर पहुंचकर माता शाकम्भरी देवी राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना होने से एक ओर जहां छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। वहीं अनेक लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही आज यहां सर्किट हाऊस में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता काफी समय से सहारनपुर में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग करती आ रही थी जिसे उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने पूरा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना से जनता की आकांक्षाओं को पूरा किया जा सकेगा। वहीं दूसरी ओर छात्र-छात्राओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढऩे का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि शिलान्यास के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशाल रैली को भी सम्बोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता भारी संख्या में लोगों को रैली स्थल पर ले जाने का काम करेंगे ताकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विचारों को सुना जा सके। वार्ता के दौरान सांसद प्रदीप चौधरी, आयुष मंत्री डा. धर्मसिंह सैनी, विधायक देवेंद्र निम, विधायक कीरत सिंह, विधायक कुंवर बृजेश सिंह, जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, जिला उपाध्यक्ष अजीत राणा, सोनेंद्र राणा, यशवंत राणा, जिला मीडिया प्रभारी विपिन चौधरी भी मौजूद रहे।