अहमदाबाद में दर्दनाक हादसा: फुटपाथ पर सो रहे परिवार को फॉर्च्यूनर ने कुचला, मां-बेटे की मौत
अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। निकोल इलाके में देवाश्या स्कूल के पास फुटपाथ पर सो रहे एक परिवार को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने कुचल दिया। हादसे में 30 वर्षीय महिला पूनमबेन और उनके 15 वर्षीय बेटे सागर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान कार्तिक वसोया और उनकी पत्नी स्नेहलबेन के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ड्राइवर गिरफ्तार, कार से मिलीं बीयर की छह कैन
घटना के बाद पुलिस ने कार चालक विरलभाई सावजीभाई चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, फॉर्च्यूनर कार की तलाशी के दौरान बीयर की छह बंद कैन बरामद हुई हैं। हादसे के समय आरोपी नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए उसका मेडिकल टेस्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं। खून में अल्कोहल की मात्रा की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें गैर-इरादतन हत्या, लापरवाही से वाहन चलाने और गंभीर चोट पहुंचाने से संबंधित आरोप शामिल हैं।
इसके अलावा गुजरात शराबबंदी अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। आरोपी पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और शराब पीकर गाड़ी चलाने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
