व्यापारियों ने किया अतिक्रमण हटाओ अभियान का विरोध

सहारनपुर। नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते द्वारा एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह व नगर मैजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी के नेतृत्व में घंटाघर से नेहरू मार्किट तक चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान की आड़ में व्यापारियों का उत्पीडऩ करने का आरोप लगाते हुए व्यापारियों द्वारा जोरदार विरोध किया गया।

गौरतलब है कि आज दोपहर नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते द्वारा एसपी सिटी राजेश कुमार, नगर मैजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी व नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में घंटाघर से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया तो व्यापारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के अतिक्रमण हटाओ अभियान की आड़ में व्यापारियों का उत्पीडऩ करने का आरोप लगाकर विरोध किया गया। व्यापारियों का आरोप था कि अधिकारियों द्वारा मनमानी करते हुए विभिन्न दुकानदारों के हजारों रूपए के बोर्ड ध्वस्त कर दिए गए जिनसे किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं हो रहा था। इसी बीच सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष राजकुमार मक्कड़ व रवि जुनेजा व्यापारियों के साथ मौके पर पहुंचे तथा अधिकारियों की मनमानी का विरोध करते हुए कहा कि बिना किसी योजना के अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का उत्पीडऩ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आदेश गुंडों, माफियाओं, खनन माफियाओं, आतंकवादियों व बलात्कारियों पर बुलडोजर चलाने के हैं, न कि भोलेभाले व्यापारियों पर। उनका कहना था कि इन अधिकारियों की स्थिति अतिक्रमण के नाम पर सरकार को बदनाम करने की लग रही है। शहर के विभिन्न स्थानों पर इन्हें अतिक्रमण नजर नहीं आ रहा है, केवल ईमानदारी से व्यापार करने वाले व्यापारियों पर ही इनकी मनमानी चल रही है।

व्यापारियों का आरोप था कि बिना किसी योजना के स्मार्ट सिटी के नाम पर महानगर को अव्यवस्थित कर दिया गया है। बिना किसी योजना के निर्माण कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर डराने-धमकाने से व्यापारी डरने वाला नहीं है।

इस दौरान अमित बत्ता, विजय शर्मा, मा. अहसान, सुभाष चावला, अमित ठकराल, मोनू खन्ना, मोनू नरूला, अनिल गुप्ता, स. गिन्नी, नितेश बागला, प्रिंस मिगलानी, विशाल अरोड़ा, दीपक कंसल आदि सहित भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।