आज थम जाएगा प्रचार का रथ, CM Yogi प्रयागराज, झांसी व लखनऊ में करेंगे जनसभाएं

आज थम जाएगा प्रचार का रथ, CM Yogi प्रयागराज, झांसी व लखनऊ में करेंगे जनसभाएं

लखनऊ। नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार शाम प्रदेश के 37 जिलों में प्रचार थम जाएगा। निकाय चुनाव में वर्चस्व कायम कर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की हर मुमकिन कोशिश में जुटी प्रचार के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंकेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य व केंद्र सरकार के मंत्री प्रचार के जरिये भाजपा के पक्ष में माहौल गर्माएंगे ही, पार्टी संगठन भी इसके लिए पूरा दमखम दिखाएगा। प्रबुद्ध वर्गों और व्यापारी संगठनों के सम्मेलनों के साथ ही पार्टी युवाओं और महिलाओं को भी लुभाने के जतन कर रही है। नुक्कड़ सभाएं और घर-घर संपर्क अभियान भी जारी रहेगा।

भाजपा के प्रचार अभियान की अगुआई करते हुए मुख्यमंत्री मंगलवार को प्रयागराज, झांसी और लखनऊ में जनसभाएं कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाएंगेे। योगी प्रयागराज के लूकरगंज क्षेत्र स्थित प्रेस ग्राउंड में सुबह 11 बजे जनसभा करेंगे।

दोपहर 1.20 बजे वह झांसी के क्राफ्ट मेला मैदान और 3.40 बजे लखनऊ के तेलीबाग चौराहे पर जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी रामपुर में संगठनात्मक बैठकें और कार्यकर्ता सम्मेलनों में पार्टी काडर को विजय का मंत्र देंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज, श्रावस्ती और गोंडा में जनसभाएं कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे।

निकाय चुनाव के लिए भाजपा चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों जैसे प्रबुद्ध वर्गों पर खासतौर पर फोकस कर रही है। इन वर्गों को केंद्रित कर उनके सम्मेलन आयोजित किये जा रहे हैं। पार्टी का यह मानना है कि चुनाव में प्रबुद्ध वर्ग ही सबसे मुखर होता है।

इस वर्ग की मुखरता पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में सहायक सिद्ध होगी। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में व्यापारी समाज के रूप में अपने इस परंपरागत मतदाता वर्ग पर भी भाजपा का खासा जोर है। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलों में बाइक रैलियां आयोजित कर पार्टी के प्रचार में जुटा है। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल मंगलवार को सहारनपुर में आयोजित बाइक रैली में शामिल होंगे।