ई-श्रमिकों के कार्ड बनाने पर समय से कार्यवाही पूर्ण कराई जाए – अपर जिलाधिकारी

सहारनपुर [24CN]। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री रजनीश कुमार मिश्र ने ई-श्रमिक कार्ड से संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त लक्ष्यों को समय से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि ई-श्रमिक कार्ड के अन्तर्गत 156 प्रकार के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का केन्द्रीकृत डेटा बेस निर्माण किया जा रहा है जिससे उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। ई-श्रम पोर्टल www.eshram.gov.in पर श्रमिक स्वयं या जन सेवा केन्द्र के माध्यम से पंजीकरण करा सकते है। उन्होनें 10 व्यक्तियों को ई-श्रम कार्ड वितरित किए।
श्री रजनीश कुमार मिश्र आज कलेक्ट्रेट सभागार में ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित कामगारों के पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होने कहा कि पोर्टल पर पंजीकरण के लिए श्रमिक का आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर, बैंक खाता विवरण अनिवार्य होगा। श्रमिक किसी जानकारी के लिए हेल्प लाईन नम्बर 14434 की सहायता ले सकते है। उन्होने कहा कि पोर्टल पर पंजीकरण के पश्चात श्रमिकों को मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा येाजना के तहत 02 लाख तक का दुर्घटना बीमा तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 05 लाख तक केशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
बैठक में उप श्रमायुक्त श्री शक्तिसेन मौर्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती आशा त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त श्री राजेन्द्र कुमार यादव, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।