इस बार ज्यादा बरसेगा मॉनसून, 27 जून तक आएगा दिल्ली
- दिल्ली में इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश की उम्मीद
- 27 जून तक मॉनसून के दिल्ली पहुंचने का है अनुमान
- इस बार कम अंतराल में अधिक बारिश होने की संभावना
- मॉनसून से पहले प्री मॉनसून बारिश दिल्ली को नहीं मिलेगी
नई दिल्ली
दिल्ली में इस बार मॉनसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। 27 जून के आसपास मॉनसून दस्तक भी दे सकता है। ज्यादा बारिश जुलाई में होगी। स्काईमेट के महेश पलावत के अनुसार, मॉनसून इस बार सामान्य रहने की अधिक संभावना है और इसकी तीव्रता भी ज्यादा रहने की उम्मीद है।
दिल्ली में मॉनसून के दौरान इस बार कम अंतराल में अधिक बारिश होने की संभावना है। इसकी वजह से दिल्लीवालों को जलभराव की समस्या से काफी अधिक जूझना पड़ सकता है। पिछले साल भी मॉनसून सामान्य रहा था, लेकिन मॉनसून की तीव्रता अधिक रही थी। इसकी वजह से दो से तीन बार दिल्लीवालों को जलभराव का सामना करना पड़ा। इसी तरह का मॉनसून इस बार भी आ सकता है।
संभावना है कि मॉनसून से पहले प्री मॉनसून बारिश दिल्ली को अधिक नहीं मिलेगी। अगले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के लिए भी दिल्ली को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। इसकी वजह से 10 जून के बाद लू की वापसी हो सकती है और तापमान 41 डिग्री पर पहुंच सकता है। मॉनसून से दो से तीन दिन पहले ही दिल्ली में बारिश की संभावना हो सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत में 107 फीसदी बारिश का अनुमान
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में मॉनसून के दौरान 107 प्रतिशत बारिश की संभावना है। इसमें 8 प्रतिशत का अंतर हो सकता है। उत्तर-पश्चिम भारत में दिल्ली के अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ शामिल हैं।
आज से बदलेगा मौसम
राजधानी में मौसम आज से फिर बदलेगा। तेज आंधी का सिलसिला शुरू होने वाला है। ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। गुरुवार को बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश होगी और 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलेगी। शुक्रवार को भी मौसम कुछ ऐसा ही रहेगा। हल्की बारिश के साथ तेज आंधी की संभावना है। शनिवार को हल्की बारिश के आसार हैं, लेकिन तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। 10 जून तक लू के आसार नहीं हैं, लेकिन तापमान बढ़ने से उमस होगी। 10 जून के बाद तेजी से गर्मी बढ़ सकती है और तापमान एक बार फिर 40 डिग्री को पार कर लेगा। बुधवार का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है।