सनराइजर्स ने अबरार अहमद को खरीदा तो हुआ बवाल, BCCI का पहला बयान आया सामने

सनराइजर्स ने अबरार अहमद को खरीदा तो हुआ बवाल, BCCI का पहला बयान आया सामने

New Delhi : सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आईपीएल में पिछले कई साल से खेल रही है। लेकिन टीम एक ही बार खिताब अपने नाम करने में कामयाब रही है। पिछले कुछ साल से टीम के सीजन खराब जा रहे हैं। इसी फ्रेंचाइज ने द हंड्रेड में टीम ले रखी है, जिसका नाम सनराइजर्स लीड्स है। इस बीच जब इसके अगले सीजन के लिए नीलामी हुई तो टीम ने पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को अपने पाले में कर लिया, इसके बाद हंगामा बरपा हुआ है। इस बीच बीसीसीआई का पहला बयान सामने आया है। बीसीसीआई के सचिव राजीव शुक्ला ने इस बारे में बात की है।

द हंड्रेड में सनराइजर्स के लिए खेलेंगे पाकिस्तानी गेंदबाज अबरार अहमद

आईपीएल का अगला सीजन 28 मार्च से खेला जाएगा। चर्चा इस पर होनी चाहिए, लेकिन इस बीच अचानक इंग्लैंड की लीग द हंड्रेड चर्चा में है। इसका कारण भी बिल्कुल साफ है। सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को खरीदा है। वैसे तो अबरार की कीमत पौंड में लगाई गई है, लेकिन अगर भारतीय रुपये में बात की जाए तो इसके लिए सनराइजर्स ने दो करोड़ से अधिक की रकम खर्च की है। इसके बाद से लगातार हंगामा बरपा हुआ है।

राजीव शुक्ला बोले, आईपीएल से इसका कोई मतलब नहीं

द हंड्रेड की नीलामी गुरुवार को हुई थी। अबरार अहमद इसी दिन शाम को खरीदे गए। इसके बाद सोशल मीडिया पर तरह तरह के कमेंट किए गए। शुक्रवार को बीसीसीआई सचिव राजीव शुक्ला से जब इस बारे में मीडिया ने बात की तो उन्होंने कहा कि द हंड्रेड में जो कुछ भी हुआ है, वो आईपीएल का मामला नहीं है। राजीव शुक्ला ने साफ किया कि ये सब कुछ आईपीएल के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। बाहर की लीग में कौन क्या कर रहा है, इसमें वे दखल नहीं दे सकते। ये उन टीमों पर है कि वे बाहर की लीग में क्या करती हैं। आईपीएल में ऐसा कोई भी खिलाड़ी नहीं है।

आईपीएल 2026 का पहला मैच खेलेगी सनराइजर्स की टीम

राजीव शुक्ला भले ही आईपीएल का मामला ना बताकर निकल गए हों, लेकिन अभी तो अबरार​ अहमद को खरीदे 24 घंटे का भी वक्त नहीं हुआ है और इसका जबरदस्त तरीके से विरोध हो रहा है। आने वाले वक्त में ये मामला तूल पकड़ सकता है। खास बात ये है आईपीएल का पहला मैच जो 28 मार्च को खेला जाएगा, उसमें सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आरसीबी के सामने होगी। ये मैच ​बेंगलुरु में होगा। हो सकता है कि इस दिन भी सनराइजर्स का विरोध किया जाए। देखना होगा कि इसमें आगे क्या कुछ अपडेट आता है।

 

 

 


Leave a Reply