shobhit University Gangoh
 

महापौर के चुनाव में भाजपा व बसपा प्रत्याशियों के बीच रही कांटे की टक्कर

सहारनपुर। सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह व बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती खदीजा मसूद के बीच कांटे की टक्कर रही। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नूर हसन मलिक मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास करते दिखाई दिए। जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी प्रदीप वर्मा, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सहदेव सिंह कोई खास करिश्मा नहीं दिखा पाए।

गौरतलब है कि सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए कुल आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे थे जिनका भाग्य आज मतदाताओं द्वारा ईवीएम में कैद किया गया। आज सम्पन्न हुए मतदान में एक ओर जहां हिंदू बाहुल्य क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह का जादू मतदाताओं के सिर चढ़कर बोला। वहीं मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बहुजन समाज पार्टी के हाथी ने अपनी धूम मचाई। जबकि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नूर हसन मलिक की साइकिल इक्का-दुक्का मतदान केंद्रों पर ही दौड़ती नजर आई। इसके अलावा कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप वर्मा कोई करिश्मा नहीं दिखाई पाए। अनेक स्थानों पर उन्हें बस्ते लगाने के लिए कार्यकर्ता तक नहीं मिल पाए। इसी तरह आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सहदेव सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी शबनम, फातमा बेगम व आशिक इलाही भी इक्का दुक्का मतदान केंद्रों पर ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराते नजर आए।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सहारनपुर नगर निगम महापौर पद पर जिस तरह हिंदू बाहुल्य क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह एवं मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बसपा प्रत्याशी खदीजा मसूद का जादू मतदाताओं के सिर चढ़कर बोला जिस कारण दोनों के बीच कांटे की टक्कर रही। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व सहारनपुर देहात के सपा विधायक आशु मलिक का तेली बिरादरी का कार्ड भी उनके काम नहीं आया तथा समाजवादी पार्टी मुख्य मुकाबले में आने से पिछड़ गई जिस कारण महानगर में त्रिकोणीय मुकाबले की जताई जा रही संभावना परवान नहीं चढ़ी। इसके अलावा गंगोह नगर पालिका में भाजपा की कविता सैनी, बसपा की साजिया व रालोद प्रत्याशी शमा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला दिखाई दिया। जबकि नकुड़ नगर पालिका परिषद में भाजपा प्रत्याशी शिवकुमार गुप्ता व निर्दलीय खालिद खान के बीच सीधा मुकाबला दिखाई दिया। देवबंद नगर पालिका परिषद में भी भाजपा प्रत्याशी विपिन गर्ग, सपा प्रत्याशी जहीर फातमा व बसपा प्रत्याशी जमालुद्दीन अंसारी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला दिखाई पड़ा।

रामपुर नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी सुशीला देवी व बसपा प्रत्याशी रेणु बालियान के बीच कांटे की टक्कर रही। इसी तरह नानौता नगर पंचायत में निवर्तमान चेयरमैन नसीमा बेगम के देवर नवेद अख्तर उर्फ बबली तथा निर्दलीय प्रत्याशी श्रीमती रूमाना खान के बीच सीधा मुकाबला दिखाई दिया। इसके अलावा तीतरों नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी देवराज सिंह, सपा प्रत्याशी तैमूर व बसपा प्रत्याशी जसवंत सिंह के बीच त्रिकोणीय मुकाबला दिखाई दिया। बेहट नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी संजीव कर्णवाल उर्फ बॉबी व निवर्तमान चेयरमैन व निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल रहमान के बीच सीधा मुकाबला दिखाई दिया।

Jamia Tibbia