युवाओं ने की पतंगों की जमकर खरीददारी
- सहारनपुर में बसंत पंचमी की पूर्व संध्या पर पतंगों की खरीददारी करते युवा।
सहारनपुर [24CN]। भारतीय संस्कृति में ज्ञान की देवी मां सरस्वती के पूजा दिवस बसंत पंचमी पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार दिखाई पड़ा। बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजन को लेकर जहां श्रद्धालुओं द्वारा तैयारियां की जा रही हैं, वहीं बसंत पंचमी पर होने वाली पतंगबाजी के लिए भी लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गौरतलब है कि भारतीय संस्कृति में अनेक पर्व धूमधाम से मनाए जाते हैं। इसी कड़ी में शरद ऋतु के समाप्त होने व बसंत ऋतु के आगमन पर बसंत पंचमी का पर्व मनाने की परम्परा प्राचीन काल से ही चली आ रही है। बसंत पंचमी पर एक ओर जहां श्रद्धालुओं द्वारा शिक्षा देवी मां सरस्वती की विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना की जाती है। वहीं दूसरी ओर युवाओं व बच्चों द्वारा पतंगबाजी कर अपने उल्लास का प्रदर्शन भी किया जाता है। बसंत पंचमी को लेकर आज युवाओं व बच्चों द्वारा पतंगें व मांझा आदि की खरीददारी की गई ताकि बसंत पंचमी पर्व उल्लास के साथ मनाया जा सके। इसके चलते आज बाजारों में पतंग की दुकानों पर पतंग खरीदने के लिए युवाओं की भीड़ लगी रही।
