शाहजहांपुर। रेलवे जंक्शन पर बुधवार देर रात युवक आठ माह की बच्ची को उठाकर भाग गया। यात्रियों के पीछा करने पर उसने बच्ची को पटक दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। आरोपित की पिटाई कर उसे जीआरपी के हवाले कर दिया गया।

जलालाबाद निवासी अंकित कुमार शहर में मजदूरी करता है।वह परिवार के साथ जंक्शन के मुख्य गेट के पास परिवार के साथ रहता है। बुधवार रात लगभग एक बजे अशोक नाम का युवक उनकी आठ माह की बेटी प्रीति को उठाकर भागने लगा। अंकित के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद यात्री जब उसके पीछे भागे तो आरोपित ने प्रीति को सड़क पर पटक दिया।

स्वजन ने प्रीति को राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। गुरुवार सुबह करीब सात बजे उसकी मृत्यु हो गई। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक रेहान अली ने बताया कि अशोक से पूछताछ की जा रही है। वह मानसिक रूप से परेशान है। स्टेशन के आसपास अक्सर घूमता रहता है।