नाला निर्माण के दौरान गिरी मकान की दीवार, एक मजदूर की मौत, पांच घायल

नाला निर्माण के दौरान गिरी मकान की दीवार, एक मजदूर की मौत, पांच घायल
  • सहारनपुर में गंगोह में नाला निर्माण के दौरान गिरी दीवार।

गंगोह। नगर पालिका के नाला निर्माण के दौरान पड़ोस के मकान की दीवार गिरने से एक मजदूर की मलबे के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पांच अन्य श्रमिक गम्भीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से उन्हें गम्भीर हालत के चलते जिला अस्पताल में रैफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार गंगोह नगर पालिका द्वारा बाईपास से पदम सिन्हा वाली सड़क पर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। बताया जाता है कि जेसीबी से खुदाई के दौरान पड़ोस के मकान की दीवार गिरने से वहां काम कर रहे छह मजदूर उसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही गंगोह कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने जेसीबी की मदद से मलबे में दबे मजदूर नौशाद को बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में अन्य घायलों एजाज, कल्लू, अनुज, इस्लाम व मुजम्मिल को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलते ही एसडीएम नकुड़ अजय कुमार अम्बस्ट, सीओ मनीष कुमार व पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद, भाजपा सभासद नीरज अग्रवाल व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। मृतक नौशाद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ेगी। गंगोह नगर पालिका द्वारा बनवाए जा रहे नाले पर काम करने वाले मजदूर थाना तीतरो क्षेत्र के गांव धानवा निवासी बताए जा रहे हैं। उधर मृतक नौशाद के परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।