shobhit University Gangoh
 

वैंडर जोन बनाने के खिलाफ क्षेत्रवासियो ने किया प्रदर्शन

वैंडर जोन बनाने के खिलाफ क्षेत्रवासियो ने किया प्रदर्शन
  • सहारनपुर में नगर निगम कार्यालय पर नारेबाजी करते सुभाष चंद्र बोस कम्पनी गार्डन क्षेत्र के नागरिक।

सहारनपुर [24CN] । नगर निगम द्वारा स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस गार्डन के चारों ओर वैंडर जोन का निर्माण किए जाने के विरोध में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा नगरायुक्त को ज्ञापन सौंपकर वैंडर जोन का निर्माण तत्काल रूकवाए जाने की मांग की। नगर निगम द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस गार्डन के चारों ओर वैंडर जोन का निर्माण कराने की सूचना मिलते ही क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। क्षेत्रवासी व्यापारी नेता कृष्णलाल ठक्कर, पार्षद अशोक राजपूत व पिंकी गुप्ता के नेतृत्व में एकत्र होकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे तथा वैंडर जोन बनाए जाने के निर्णय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नेताजी सुभाष चंद्र गार्डन के बाहर चारों ओर नगर निगम द्वारा वैंडर जोन बनाए जाने का काम शुरू किया गया है जो आवासीय क्षेत्र के अनुरूप किसी भी तरह से उचित नहीं है।

उनका कहना था कि जहां वैंडर जोन का काम शुरू हो रहा है। उसके सामने डिग्री कालेज, इंटर कालेज, बागेश्वर महादेव मंदिर, बापू ज्वाला सिंह मंदिर, गीता मंदिर आदि धार्मिक स्थल हैं जिस कारण आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिस स्थान पर वैंडर जोन का निर्माण हो रहा है, वह पहले ही अत्यधिक संकुचित है जिस कारण यातायात की समस्या पहले से भी अधिक जटिल हो जाएगी। साथ ही वैंडर जोन बन जाने से पर्यावरण व स्वच्छता का नुकसान होने के साथ-साथ अतिक्रमण की समस्या भी उत्पन्न होगी। वक्ताओं का कहना था कि इस तरह मुख्य मार्ग पर स्थाई निर्माण अवैध है और भविष्य में भी वैंडर जोन बनने से अनेक समस्याएं उत्पन्न होंगी। उन्होंने नगरायुक्त से वैंडर जोन के निर्माण कार्य को अविलम्ब रोके जाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में किशोर शर्मा, योग चुग, राहुल झाम्ब, डा. पंकज खन्ना, रमेश तनेजा, आलोक मित्तल, रजत जैन, मनोज सचदेवा, प्रदीप माहेश्वरी, योगेश दुआ, ऋषि ढींगड़ा, प्रवीण छाबड़ा, दीपक रहेजा, राजकुमार कालड़ा, हरिराम, नीरज त्यागी आदि मौजूद रहे।

Jamia Tibbia