‘पीड़ा बढ़ रही है…पीड़ित बढ़ रहे हैं…’, मंत्री संजय निषाद मंच पर रोए तो बोले अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए रविवार का दिन बेहद अहम रहा है, योगी सरकार के मंत्री व निषाद पार्टी के नेता संजय निषाद गोरखपुर दौरे पर थे. यहां वे एक जनसभा को संबोधित करते हुए मंच पर ही फूट-फूट कर रो पड़े, योगी के मंत्री के मंच पर रोने की घटना ने सियासी हलकों में हलचल पैदा कर दी है. अब इस पर समाजवादी पार्टी (सपा) राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है.
गोरखपुर में मंत्री संजय निषाद के मंच पर रोने की घटना पर अखिलेश यादव ने कहा कि, “ये भाजपा के साथ जाने पर पश्चाताप के आँसू हैं या प्रायश्चित के?” अखिलेश यादव ने कहा कि, “पीड़ा बढ़ रही है… पीड़ित बढ़ रहे हैं… इसीलिए पीडीए बढ़ रहा है. जनता कह रही है कि इस वीडियो के बैकग्राउंड में जो गाना हमें सुनाई दे रहा है वो हमारा भ्रम है या सच है : हम थे जिनके सहारे वो हुए न हमारे…”
मंच पर फूट-फूट कर रोने लगे मंत्री संजय निषाद
आपको बता दें कि, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविवार को गोरखपुर दौरे पर थे, यहां वे एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. जनता को संबोधित करने के दौरान मंत्री संजय निषाद मंच पर ही फूट-फूट कर रोने लगे. मंत्री संजय निषाद ने इस दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि, “पिछली सरकारों ने हमको ठगने और लूटने का काम किया, मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद दूंगा.”
मंत्री संजय निषाद ने मंच से कहा कि मेरी बहन-बेटियों की इज्जत लूटी गई है, हमारे बच्चों को पीछे छोड़ दिया गया, अपनी पार्टी बनाओ, अपने खड़े होगे तो पार्टी खड़ी होगी. संजय निषाद ने कहा कि पिछली सरकारों ने हमको ठगने और लूटने का काम किया, मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद दूंगा.
फिलहाल, गोरखपुर में मंत्री संजय निषाद की मंच पर रोने की घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने प्रतिक्रिया देकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. हालांकि, अखिलेश यादव के बयान पर अभी सत्ता पक्ष या बीजेपी की तरफ से प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
