कार्यभार ग्रहण करते ही नवागत जिलाधिकारी ने सुनीं फरियाद

- सहारनपुर में अपने कार्यालय के बाहर फरियादियों की फरियाद सुनते डीएम डा. दिनेश चंद्र सिंह।
सहारनपुर। सहारनपुर के नवागत जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र सिंह ने आज अपना कार्यभार संभालते ही अपने चिरपरिचित अंदाज में फरियादियों की समस्याएं सुनकर अधीनस्थ अधिकारियों को उनका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि शासन ने 2018 के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी डा. दिनेश चंद्र सिंह को बहराइच से सहारनपुर के जिलाधिकारी पद पर स्थानांतरित किया है।
आज अपरान्ह नवागत जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र सिंह ने सहारनपुर पहुंचकर कोषागार में अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद जैसे ही जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र सिंह ने अपने कार्यालय से बाहर आए तथा अपने गाड़ी में बैठने लगे तभी उन्होंने देखा कि कुछ फरियादी फरियाद लेकर आए हुए हैं जिस पर उन्होंने वहीं फरियादियों की एक-एक कर समस्या सुनने के बाद अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र को उनका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि नवागत जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र सिंह इससे पूर्व सहारनपुर की देवबंद तहसील में उपजिलाधिकारी, सहारनपुर के नगर मैजिस्ट्रेट, अपर आयुक्त सहित अपर जिलाधिकारी प्रशासन के पद पर भी तैनात रह चुके हैं। डा. दिनेश चंद्र सिंह को एक लग्नशील व कुशल अधिकारी के रूप में जाना जाता है।