कृषि कानूनों में संशोधन होने पर समर्थन करेगा भारतीय किसान संघ

कृषि कानूनों में संशोधन होने पर समर्थन करेगा भारतीय किसान संघ
  • सहारनपुर में भारतीय किसान संघ की बैठक का दृश्य।

सहारनपुर [24CN] । भारतीय किसान संघ के प्रदेश संयोजक गन्ना श्यामवीर त्यागी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि बिलों में कुछ बदलाव करने की जरूरत है। यदि केंद्र सरकार ने भारतीय किसान संघ के सुझाव को कानून में शामिल किया तो भारतीय किसान संघ इन कानूनों का पूरा समर्थन करने को तैयार है। प्रदेश संयोजक गन्ना श्यामवीर त्यागी आज यहां कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित भाकिसं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि बिलों में कृषि उत्पादन का समर्थन मूल्य पर खरीदी का कानूनन प्रावधान हो, कृषि न्यायालय की स्थापना हो, व्यापारियों का पंजीकरण हो, किसानों से उनकी जमीन के बजाए केवल उनकी फसल का अनुबंध हो तथा बड़ी कम्पनियों का किसान का दर्जा न मिले तो भारतीय किसान संघ कृषि बिलों का समर्थन करेगा। जिला महामंत्री विक्रम सिंह पुंडीर ने कहा कि गन्ना पेराई सत्र हुए दो माह बीत चुके हैं लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक न तो गन्ने का मूल्य घोषित किया गया है और न ही भुगतान हो पाया है। उन्होंने मांग की कि तत्काल गन्ने का मूल्य 365 रूपए प्रति कुंतल घोषित किया जाए ताकि किसान का आर्थिक संकट कम हो सके।

जिलाध्यक्ष राहुल त्यागी ने कहा कि कृषि बिलों के खिलाफ चल रहे आंदोलन पर किसानों एवं सरकार दोनों को ही सकारात्मक रूख अपनाकर खुले मन से बात करनी चाहिए ताकि इसका सही समाधान निकल सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा परानी प्रबंधन व गन्ने की पात्ती के निवारण के लिए पर्याप्त मात्रा में इंतजाम नहीं किया गया है। ऐसे में किसान द्वारा गन्ने की पात्ती जलाए जाने पर जो जुल्म जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है, भारतीय किसान संघ उसका विरोध करेगा और किसानों का शोषण व उत्पीड़ीन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में नीरज त्यागी, गौतम, ठा. राजपाल सिंह, इंतखाब प्रधान, राकेश, संजय, रणदीप राणा, सतपाल सैनी, अमरनाथ धीमान, रामस्वरूप, दीपक, अरूण चौधरी, पप्पू कश्यप, मोनू कश्यप, विकास, अफजाल, अमरीश त्यागी, मुनेश त्यागी, नरोत्तम, ईसम पाल आदि मौजूद रहे।