shobhit University Gangoh
 

27वें दिन भी जारी रहा अभिभावक संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना

27वें दिन भी जारी रहा अभिभावक संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना
सहारनपुर में स्कूल संचालकों का पुतला फूंकते अभिभावक संघर्ष समिति के पदाधिकारी।

सहारनपुर। अभिभावक संघर्ष समिति के बैनर तले फीस माफी को लेकर अभिभावकों का अनिश्चितकालीन धरना 27वें दिन भी जारी रहा। अभिभावकों ने नो स्कूल-नो फीस की नारेबाजी के बीच एमआरएस स्कूल के संचालकों का पुतला फूंककर आक्रोश व्यक्त किया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अभिभावक संघर्ष समिति के बैनर तले अभिभावक आज 27वें दिन भी हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर धरने पर डटे रहे। अभिभावकों ने नो स्कूल-नो फीस की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। तत्पश्चात अभिभावक समिति के अध्यक्ष संजय वालिया के नेतृत्व में नवादा रोड स्थित एमआरएस पब्लिक स्कूल पर पहुंचे तथा नारेबाजी के बीच एमआरएस स्कूल संचालकों के पुतले को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय वालिया ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते अभिभावकों के रोजगार ठप्प होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति डगमगा गई है। इसके बावजूद स्कूल संचालक अभिभावकों पर फीस जमा कराने का दबाव बनाकर अपनी औछी मानसिकता का प्रदर्शन कर रहे हैं जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जब लॉकडाउन की स्थिति में सभी स्कूल बंद रहे हैं तो फीस मांगने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक अभिभावकों की मांग पूरी नहीं की जाती तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। राजू सुखीजा ने कहा कि स्कूल संचालकों की मनमानी के बावजूद शासन व प्रशासन स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा गुजरात सरकार द्वारा लॉकडाउन अवधि की फीस माफ करने का शासनादेश जारी कर दिया गया है। जबकि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में गम्भीर नहीं है। उन्होंने कहा कि जब गुजरात में लॉकडाउन की अवधि की फीस माफ हो सकती है तब यूपी में क्यों नहीं हो सकता। आज समिति के धरने पर पहुंचकर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी, जिला सचिव जादोराम गुप्ता, अबरार मिर्जा व बहार अहमद ने अपना समर्थन देने की घोषणा की।

 

Jamia Tibbia