ईटा नगर से राजघाट, नई दिल्ली तक आईटीबीपी के पदाधिकारियों की साईकिल रैली का जिला प्रशासन ने किया स्वागत

ईटा नगर से राजघाट, नई दिल्ली तक आईटीबीपी के पदाधिकारियों की साईकिल रैली का जिला प्रशासन ने किया स्वागत
  • सहारनपुर में रिमाउंट डिपो के मुख्य द्वार पर पहुंची साइकिल के स्वागत का दृश्य।

सहारनपुर [24CN]। आजादी का अमृत महोत्सव 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल संजय अरोरा के निर्देशानुसार साईकिल रैली का आयोजन ईटा नगर से राजघाट, नई दिल्ली तक किया जा रहा है। साईकिल रैली आज देहरादून मार्ग से जनपद में पहुंचने पर रिमाऊण्ट डिपो के मुख्य द्वार पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्रा ने रैली में भाग ले रहे पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया। साईकिल रैली में कुल 17 पदाधिकारी शामिल है जिसमें 12 मुख्य तथा 05 आरक्षित पदाधिकारी है। सहायक सेनानी (जीडी) (टीम लीडर) श्री प्रदीप कुमार एवं सहायक सेनानी (जीडी) (डिप्टी टीम लीडर) कृष्ण कुमार के नेतृत्व में रैली को राजघाट नई दिल्ली तक पंहुचाने का अंजाम दिया जाएगा।

साईकिल रैली मीरगंज, मुरादाबाद, नूरपुर, नजीबाबाद, हरिद्वार, देहरादून, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए 571 किलोमीटर की दूरी तय करने के उपरान्त 2 अक्टूबर को राजघाट नई दिल्ली पंहुचेगी। रिमाऊण्ट डिपो के मुख्य द्वार पर साईकिल रैली का जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त, समाजसेवी जयनाथ शर्मा, 83 यूपी बटालियन एनसीसी एवं 86 यू0पी0बटालियन एनसीसी के लगभग 60 कैडेट्स एवं एनसीसी अधिकारी मेजर सुधीर चौंदयाण, कैप्टन राजेश यादव, लेफ्टिनेंट मनीष जायसवाल, मेजर सुच्चा सिंह, लेफ्टिनेंट आकाश जैन आदि द्वारा साईकिल रैली का माल्यापर्ण करके हर्षोल्लास से स्वागत सम्मान किया गया।

साईकिल रैली नगर के देहरादून चौक होते हुए घण्टाघर पंहुच कर आईटीबीपी के जवानों द्वारा शहीदे आजम भगत सिंह की मूर्ति पर गर्मजोशी से माल्यार्पण किया गया। घण्टाघर से साईकिल रैली अम्बाला रोड स्थित गुरू नानक इण्टर कालेज पंहुची जहां पर रैली का भव्य स्वागत किया गया तथा कॉलेज के सभागार में शहीदे आजम भगत सिंह की जयन्ती पर दीप प्रज्जवलित कर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।