प्लाट कब्जाने का आरोप राजनीति से प्रेरित व बेबुनिया: निम

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते रामपुर मनिहारान के भाजपा विधायक देवेंद्र निम।
सहारनपुर [24CN]। रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि उनके ऊपर प्लाट कब्जाने का आरोप षडयंत्र के तहत लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाले व्यक्ति पर जल्द ही मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने का काम करेंगे। रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक देवेंद्र निम आज यहां चंदरनगर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्लाट का मामला लगभग 33 साल पुराना है जो न्यायालय में विचाराधीन है और जितनी बार भी फैसला आया है उनके पक्ष में ही आया है। इसके बावजूद कुछ लोग राजनीतिक षडयंत्र के तहत उनकी छवि को धूमिल करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्लाट पर कब्जा करने की बात होती तो जब वह विधायक बने थे तब उनके ऊपर आरोप क्यों नहीं लगाया गया और अब साढ़े चार साल बीतने के बाद उनके ऊपर षडयंत्र के तहत इस तरह का आरोप लगाया जा रहा है जिससे उनकी छवि धूमिल हो। उन्होंने कहा कि वह इस तरह का आरोप लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ मानहानि का दावा सहित विभिन्न मामलों में मुकदमें दर्ज कराएंगे और अगर किसी ने आरोप लगाया तो उसका साक्ष्य उनके पास होगा जिसे वह प्रस्तुत कर कार्यवाही करें अन्यथा मैं अब उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने का काम करूंगा।