भारत में टेलीग्राम पर अस्थायी रोक, नीट एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार का बड़ा फैसला
नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार ने 22 जून तक टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। इसके अलावा 30 जून तक टेलीग्राम के मैसेज एडिट करने वाले फीचर को भी बंद रखा जाएगा, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या नकल संबंधी गतिविधियों को रोका जा सके। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने केंद्र के इस कदम का स्वागत किया है।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, गड़बड़ी करने वालों को चेतावनी
21 जून को होने वाली नीट-यूजी री-एग्जाम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इससे पहले मई में आयोजित परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। तैयारियों की समीक्षा के दौरान कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने एनटीए अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने या उसमें किसी भी तरह की छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के लिए तैनात होंगे केंद्रीय बल
परीक्षा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों के परिवहन में भारतीय वायुसेना की सहायता ली जाएगी, जबकि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवान तैनात किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने कहा है कि राज्य सरकारों और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर परीक्षा की विश्वसनीयता सुनिश्चित की जाएगी।
छात्रों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
एनटीए ने परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ अहम बदलाव भी किए हैं। 21 जून को होने वाली परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित होगी। कुल 195 मिनट की अवधि में परीक्षा से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं भी शामिल होंगी।
इसके अलावा छात्रों को रफ वर्क के लिए पहले की तुलना में अधिक जगह दी जाएगी। अब प्रश्न पुस्तिका में रफ कार्य के लिए 2 की जगह 4 पृष्ठ उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने में अधिक सुविधा मिलेगी।
