छात्र-छात्राओं को किया साइबर क्राइम के बारे में जागरूक

- सहारनपुर में आयोजित साइबर क्राइम गोष्ठी में मौजूद अतिथिगण।
सहारनपुर [24CN]। साइबर क्राइम जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित जागरूकता गोष्ठी में होने वाली साइबर धोखाधड़ी के विभिन्न पहलुओं से बच्चों को अवगत कराते हुए इससे बचने के उपाय बताए गए।
साथ ही किसी भी सूरत में अपनी जानकारी, फोटो, ओटीपी व फोन नम्बर किसी अनजान से शेयर न करने का भी आह्वान किया गया। स्थानीय पेपर मिल रोड स्थित सहारनपुर पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित गोष्ठी का आयोजन साइबर थाना प्रभारी उमेश रोरिया, प्रोग्रेसिव स्कूल सोसायटी के संयोजक व वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र चौहान तथा सहारनपुर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य सुधीर जोशी ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया।
साइबर थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि साइबर अपराध तेजी के साथ बढ़ते जा रहे हैं। किसी भी नुकसान से बचने के लिए हमें पूरी तरह जागरूक होना होगा और कभी अपना ओटीपी और सीवीवी किसी अजनबी के साथ शेयर न करें।
प्रोग्रेसिव स्कूल सोसायटी के संयोजक व वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र चौहान ने कहा कि जागरूकता ही बचाव है। इसी से हम साइबर धोखाधड़ी से बच सकते हैं। अगर चूके तो आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। सहारनपुर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य सुधीर जोशी ने कहा कि सभी साइबर अपराधों में कहीं न कहीं हम स्वयं जिम्मेदार होते हैं। हमारी स्वयं की जानकारी से हैकर हमें आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।
गोष्ठी में उपनिरीक्षक साबिर अली व नवीन गौतम, हैड कांस्टेबल गौरव तोमर, कांस्टेबल राकेश कुमार, महिला कांस्टेबल पूनम चौहान ने साइबर अपराध से सम्बंधित बच्चों की जिज्ञासाओं व समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान सहारनपुर पब्लिक स्कूल के हैड ब्वाय अंशु कश्यप, हैड गर्ल ईरा चौधरी, वरदान नायर, अदम्या, कार्तिक सैनी, मौहम्मद अली, सूर्यांश व श्रेया सिंह ने साइबर क्राइम के बारे में जानकारी हासिल की।
इस दौरान विशाखा, संजीव शर्मा, धीरेंद्र, प्रेम, उषा व विद्यालय के सभी कर्मचारी मौजूद रहे। गोष्ठी का संचालन संदीप शर्मा ने किया।