अलीगढ़ में आज किसान महापंचायत में शामिल होंगे SP के मुखिया अखिलेश यादव

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर बेहद गंभीर हो चुके समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब किसान महापंचायत में भी शामिल होंगे। समाजवादी पार्टी के मुखिया पूर्वांचल के बाद बुंदेलखंड में अपनी पार्टी की लम्बी बैठक करने के बाद अब शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंचेंगे। अलीगढ़ के टप्पल में दोपहर में करीब एक बजे वह किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे।
कृषि कानून के विरोध में किसानों के प्रदर्शन को अब अखिलेश यादव भी मजबूती देंगे। अखिलेश यादव प्रदेश में पहली बार किसी किसान महापंचायत का हिस्सा बनेंगे। कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के लगातार तीन माह से चल रहे विरोध प्रदर्शन में अखिलेश यादव पहली बार शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाजवादी पार्टी ने जोरदार तैयारी कर ली है। सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक भीड़ जुटाने का निर्देश है। इस किसान महापंचायत को लेकर पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह खासा उत्साहित हैं। टप्पल को उनका गढ़ माना जाता है।
अखिलेश यादव इटावा के सैफई से सड़क मार्ग से दिन में करीब 12 बजे पहुंचेंगे। अखिलेश यादव सैफई से पहले आगरा आएंगे। इसके बाद आगरा से यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए टप्पल पहुंचेंगे। 12:30 बजे उनकी महापंचायत शुरू होगी। उनके साथ पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव व सलीम इकबाल शेरवानी, पूर्व राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन, एमएलसी जसवंत सिंह, अरविंद यादव, संजय राठर व दिलीप यादव भी आएंगे। कृषि बिल के विरोध में होने वाली इस महापंचायत चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। इससे पहले गुरुवार को अखिलेश यादव ने झांसी में पार्टी के बुंदेलखंड क्षेत्र के तीन दिवसीय सम्मेलन का समापन किया था।
यह भी पढे >> अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : पूरी दिल्ली की कमान संभालेंगी महिला पुलिसकर्मी, पहली बार (24city.news)