‘सपा सारी टिकटें मुस्लिमों को दे दे, हमें क्या…’, अखिलेश यादव की किस मांग पर भड़के अमित शाह

‘सपा सारी टिकटें मुस्लिमों को दे दे, हमें क्या…’, अखिलेश यादव की किस मांग पर भड़के अमित शाह

नई दिल्ली। संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। गुरुवार को महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े तीन विधेयक पेश किए गए।

इस दौरान लोकसभा में जनगणना और महिला आरक्षण के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सरकार ने इस बार जाति आधारित गणना कराने का फैसला लिया है।

सपा ने जनगणना और महिला आरक्षण पर उठाए सवाल

लोकसभा में आज समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 और परिसीमन विधेयक 2026 का कड़ा विरोध किया। सपा सांसद ने सरकार से मांग की कि महिला आरक्षण में पिछड़ी जाति की महिलाओं के लिए अलग से कोटा सुनिश्चित किया जाए।

सपा ने उन विधेयकों का भी विरोध किया, जिनमें महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से अलग करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ‘हम महिला आरक्षण के समर्थक हैं, लेकिन सरकार बताए कि जनगणना क्यों नहीं कराई जा रही?’

अमित शाह का अखिलेश यादव पर पलटवार

समाजवादी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जनगणना को लेकर उठाए गए सवाल का गृह मंत्री अमित शाह ने जवाब दिया। इस दौरान तीखी बहस देखने को मिली। गृह मंत्री ने कहा, ‘मैं पूरे देश को बताना चाहता हूं कि जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार ने इस बात जातिगत जनगणना कराने का निर्णय लिया है।’

सपा तो हर घर को जातियों में बांट देती: अमित शाह

गृह मंत्री ने इस दौरान चुटकी लेते हुए कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के बस में होता, तो वे हर घर को जातियों में बांट देते। वहीं, सपा सासंद धर्मेंद्र यादव के द्वारा मुस्लिम महिलाओं को आरक्षण देने की मांग पर भी अमित शाह ने पलटवार किया है।

शाह ने कहा, ‘धर्म के आधार पर आरक्षण देना पूरी तरह से असंवैधानिक है। हमारा संविधान इसकी इजाजत नहीं देता है।’ शाह ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘समाजवादी पार्टी अपनी सभी टिकटें मुस्लिम महिलाओं को दे दे, इसमें हमें कोई आपत्ति नहीं है।’


Leave a Reply